![]()
पूर्णिया जिले के मरंगा थाना क्षेत्र के नया टोला मिल्की में एक बेटे ने अपने पिता पर चाकू से हमला कर घायल कर दिया। 60 वर्षीय शेख फरमान को इलाज के लिए जीएमसीएच अस्पताल पूर्णिया में भर्ती कराया गया है। घटना शनिवार रात की है। शेख फरमान ने बताया कि उनके बेटे नौशाद ने दिन में उनकी पत्नी बीवी जेहरा के साथ भी मारपीट की थी। रात में जब फरमान घर लौटे और बेटे से इस बारे में पूछा, तो नौशाद ने उन पर बुरी तरह हमला कर दिया और धारदार चाकू से कई जगह वार कर घायल कर दिया। डायल 112 की टीम ने मौके पर पहुंचकर फरमान को अस्पताल पहुंचाया। घायल फरमान के अनुसार, नौशाद लगातार संपत्ति बेचकर पैसे की मांग कर रहा है। हाल ही में उन्होंने जमीन बेचकर बेटे को 7 लाख रुपये दिए थे, लेकिन वह और पैसों की मांग कर रहा है। फरमान ने यह भी बताया कि उनका बेटा नशे का आदी है। शेख फरमान की पत्नी बीवी जेहरा पॉलिटेक्निक चौक पर सब्जी बेचकर परिवार का गुजारा चलाती हैं। वृद्ध दंपति इसी आय पर निर्भर हैं। मरंगा थाना प्रभारी कौशल कुमार ने बताया कि यह घरेलू विवाद का मामला है। डायल 112 को शिकायत मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। थाना प्रभारी ने कहा कि अभी तक थाने में प्राथमिकी दर्ज करने के लिए कोई आवेदन नहीं मिला है। आवेदन मिलने पर निश्चित तौर पर प्राथमिकी दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


