![]()
गुमला के सिसई थाना क्षेत्र के पोढ़ा नागफेनी गांव में अंधविश्वास के चलते एक 75 वर्षीय वृद्ध की निर्मम हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान सीताराम खड़िया के रूप में हुई है। घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को सीताराम खड़िया अपने घर में भोजन करने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान वह हाथ धोने के लिए घर के बाहर निकले, तभी गांव के ही एतवा उरांव ने अचानक उन पर कुदाल से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल होने के बाद परिजनों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बन गया। डायन-बिसाही के संदेह में मारा मृतक के पुत्र कुशल खड़िया ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि आरोपी एतवा उरांव उनके पिता पर डायन-बिसाही करने का आरोप लगाता था। आरोपी को संदेह था कि उसके बच्चों और परिवार के सदस्यों की लगातार हो रही बीमारी के पीछे सीताराम खड़िया का हाथ है। इसी अंधविश्वास के कारण उसने इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया। ग्रामीणों के अनुसार आरोपी पिछले कुछ समय से इस तरह की बातें करता था और मृतक के प्रति उसका व्यवहार भी संदिग्ध था। घटना ने एक बार फिर क्षेत्र में व्याप्त अंधविश्वास की गंभीर समस्या को उजागर कर दिया है, जो अब भी कई ग्रामीण इलाकों में जानलेवा साबित हो रही है। पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार घटना की सूचना मिलते ही सिसई थाना पुलिस संजय कुमार चौबे, एसआई के नेतृत्व में मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर रविवार को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी एतवा उरांव को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में सिसई थाना में कांड दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
