![]()
धनबाद की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर अब कानूनी लड़ाई में बदल गया है। धनबाद के सांसद ढुलू महतो ने निरसा के विधायक अरूप चटर्जी को 2 करोड़ रुपए की मानहानि का कानूनी नोटिस भेजा है। सांसद की ओर से भेजे गए नोटिस में विधायक द्वारा प्रेस वार्ता, मीडिया और सोशल मीडिया पर लगाए गए आरोपों को झूठा और निराधार बताया गया है। नोटिस में विधायक से सात दिनों के भीतर सार्वजनिक माफी मांगने, लगाए गए आरोप वापस लेने, सोशल मीडिया से संबंधित सामग्री हटाने और 2 करोड़ रुपए की क्षतिपूर्ति देने की मांग की गई है। ऐसा न करने पर दीवानी और आपराधिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। सांसद ढुलू महतो के अधिवक्ता के माध्यम से भेजे गए इस कानूनी नोटिस में कहा गया है कि विधायक अरूप चटर्जी ने सांसद और उनके परिवार के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं। इन आरोपों से उनकी व्यक्तिगत, सामाजिक और राजनीतिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा है। सांसद महतो ने कहा कि लोकतंत्र में सभी को अपनी बात रखने की स्वतंत्रता है, लेकिन बिना तथ्य और प्रमाण के किसी व्यक्ति की छवि खराब करने वाले बयान स्वीकार्य नहीं हैं। दरअसल, दोनों नेताओं के बीच विवाद निरसा में प्रस्तावित एलिवेटेड फ्लाईओवर के निर्माण के श्रेय को लेकर शुरू हुआ था। यह विवाद धीरे-धीरे कोयले के अवैध कारोबार, रंगदारी और कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान से कथित सांठगांठ जैसे गंभीर आरोपों तक पहुंच गया। इस दौरान सांसद ढुलू महतो और विधायक अरूप चटर्जी के बीच बयानबाजी काफी तेज हो गई थी। सांसद ने विधायक के राजनीतिक सफर और निजी जीवन को लेकर कई टिप्पणियां कीं। उन्होंने विधायक पर अनुकंपा के सहारे राजनीति में आने और जनता के मुद्दों को न समझने का आरोप लगाया। साथ ही, उन्होंने विधायक की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए थे।


