![]()
कोडरमा की सतगावां पुलिस ने शराब तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सोमवार रात करीब 9 बजे एक बोलेरो वाहन (BR 02 P 5136) को जब्त किया, जिसमें अवैध अंग्रेजी शराब की दर्जनों पेटियां लदी हुई थीं। यह कार्रवाई सतगावां थाना क्षेत्र के नासरगंज पेट्रोल पंप के पास की गई। थाना प्रभारी बबलू कुमार सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि गिरिडीह की ओर से शराब की एक बड़ी खेप क्षेत्र में पहुंचने वाली है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल योजना बनाकर इलाके में घेराबंदी शुरू कर दी। संदिग्ध वाहनों पर नजर रखी जाने लगी। पीछा करने पर वाहन छोड़कर फरार हुआ तस्कर थाना प्रभारी के निर्देश पर पुलिस बल थाना मोड़ पर तैनात था। इसी दौरान संदिग्ध बोलेरो वाहन वहां पहुंचा, जिसे रोकने का प्रयास किया गया। हालांकि, पुलिस को देखते ही चालक वाहन को तेज रफ्तार से भगा ले गया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत उसका पीछा शुरू कर दिया। पीछा किए जाने पर तस्कर ने नासरगंज पेट्रोल पंप के पीछे गाड़ी खड़ी कर दी और अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। घटना के दौरान कुछ समय के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वाहन जब्त, तस्कर की तलाश में छापेमारी जारी पीछा कर रही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर बोलेरो वाहन को अपने कब्जे में ले लिया। थाना प्रभारी बबलू कुमार सिंह ने बताया कि जब्त वाहन और उसमें लदी अंग्रेजी शराब को थाने लाया गया है, जहां शराब की पेटियों की गिनती और वाहन के कागजातों की जांच की जा रही है। पुलिस फिलहाल फरार शराब तस्कर की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। थाना प्रभारी ने भरोसा जताया कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस कार्रवाई को इलाके में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है।

