Wednesday, July 15, 2026

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

टेरर फंडिंग: माओवादी चंदन के खिलाफ एनआईए की तीसरी सप्लीमेंट्री चार्जशीट


झारखंड और बिहार में नक्सलियों के आर्थिक तंत्र को ध्वस्त करने में जुटी राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। टेरर फंडिंग और माओवादी संगठनों को पुनर्जीवित करने के मामले में एनआईए ने रांची स्थित विशेष अदालत में छठे आरोपी, माओवादी चंदन कुमार के विरुद्ध तीसरा पूरक आरोप पत्र दाखिल कर दिया है। मूल रूप से बिहार के जहानाबाद जिले का रहने वाला चंदन कुमार प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) के मगध जोन को फिर से सक्रिय करने और ठेकेदारों से जबरन भारी-भरकम लेवी वसूलने के सिंडिकेट में मुख्य भूमिका निभा रहा था। इस हाई-प्रोफाइल मामले में एनआईए पांच आरोपितों के खिलाफ पहले ही चार्जशीट दाखिल कर चुकी है। माओवादी चंदन कुमार कानून की आंखों में धूल झोंकने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था। एनआईए की रांची स्थित विशेष अदालत ने उसे फरार घोषित कर दिया था और अक्टूबर 2023 में उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया गया था। लगातार पीछा कर रही एनआईए की टीम ने आखिरकार जनवरी 2026 में उसे महाराष्ट्र से गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा। जांच में यह भी सामने आया है कि वह अपनी साजिश को अंजाम देने के लिए अलग-अलग जेलों में बंद खूंखार नक्सलियों और उनके मददगार ओवर ग्राउंड वर्कर्स से भी संपर्क साधने की बड़ी योजना पर काम कर रहा था। इस पूरे नेक्सस को लेकर एनआईए की तफ्तीश अभी जारी है। एनआईए ने इस पूरे नेटवर्क का भंडाफोड़ करने के लिए दिसंबर 2021 में रांची शाखा में (कांड संख्या आरसी-05/2021/एनआइए/आ रएनसी) मामला दर्ज किया था। एनआईए की जांच में यह खुलासा हुआ कि चंदन कुमार मगध क्षेत्र में माओवादी गतिविधियों को तेज करने के लिए फंड जुटा रहा था। वह हिंसा के रास्ते संगठन की विचारधारा को फैलाने के लिए पुराने और निष्क्रिय हो चुके कैडरों को दोबारा नक्सली संगठन में शामिल होने के लिए उकसा रहा था। जांच में पाया गया कि विकास कार्यों से जुड़े ठेकेदारों से डरा-धमका कर भारी मात्रा में फंड (लेवी) इकट्ठा किया गया। एनआईए ने इस मामले की शुरुआती प्राथमिकी में ही माओवादियों के शीर्ष चेहरों को नामजद किया था। इनमें 25 लाख रुपए का इनामी माओवादी और स्पेशल एरिया कमेटी (सैक) सदस्य प्रद्युमन शर्मा, सक्रिय सशस्त्र दस्ता सदस्य योगेंद्र रविदास, नागेंद्र गिरी, माओवादियों का मुख्य हथियार सप्लायर अभिनव उर्फ गौरव उर्फ बिट्टू और धनंजय पासवान शामिल हैं। चंदन कुमार इस केस में छठा चार्जशीटेड आरोपी बना है।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles