Top 5 This Week

Related Posts

लातेहार में कार पर पलटा ट्रक, एक की मौत:शादी समारोह से घर लौट रहे थे कार सवार दंपती, पत्नी घायल; डेढ़टंडवा घाटी में हुआ हादसा


लातेहार जिले के चंदवा-चांपी-लोहरदगा पथ पर शुक्रवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया। डेढ़टंडवा घाटी में एक अनियंत्रित 12 चक्का ट्रक एक कार पर पलट गया, जिससे कार चला रहे शख्स की मौके पर ही मौत हो गई। इस दुर्घटना में उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। मृतक की पहचान लोहरदगा निवासी प्रकाश साहू के रूप में हुई है। उनकी पत्नी श्याम प्यारी देवी गंभीर रूप से घायल हैं। उन्हें चंदवा सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। दोनों ही चंदवा के नगर मंदिर में एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने आए थे और कार्यक्रम के बाद देर शाम अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान यह हादसा हुआ। 12 चक्का ट्रक अनियंत्रित होकर कार पर पलट गया ओडिशा नंबर का एक 12 चक्का ट्रक अनियंत्रित होकर झारखंड नंबर की कार पर पलट गया। ट्रक के पलटने से कार और उसमें सवार दंपती नीचे दब गए। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। हाइड्रा मशीन की मदद से ट्रक के नीचे दबे कार सवारों को बाहर निकाला गया। प्रकाश साहू लगभग एक घंटे तक फंसे रहे, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद डेढ़टंडवा घाटी में लंबा जाम लग गया। स्थानीय लोगों की सहायता से चंदवा पुलिस प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य जारी रखा। थाना प्रभारी रणधीर सिंह ने बताया कि दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हुई है और दोनों वाहनों को जब्त कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Spread the love

Popular Articles