![]()
गुमला जिले के चैनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कथित लापरवाही के कारण 9वीं कक्षा की छात्रा शिवानी कुमारी (15) की मौत हो गई। इस घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। परिजनों का आरोप है कि समय पर न तो एम्बुलेंस उपलब्ध कराई गई और न ही ऑक्सीजन की व्यवस्था की गई। जिसके कारण छात्रा की जान चली गई। जानकारी के अनुसार चैनपुर प्रेमनगर निवासी राजकुमार लोहरा की बेटी शिवानी कुमारी बुधवार सुबह स्कूल जाने की तैयारी कर रही थी। इसी दौरान उसे अचानक सिर में तेज दर्द हुआ और उल्टियां शुरू हो गईं। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल चैनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, लेकिन वहां गंभीरता से नहीं लिया गया। बिना प्राथमिक उपचार रेफर, एम्बुलेंस भी नहीं मिला मृतका के पिता राजकुमार लोहरा ने बताया कि अस्पताल पहुंचने के बाद न तो किसी डॉक्टर ने ठीक से जांच की और न ही प्राथमिक उपचार दिया गया। बिना इलाज किए ही उसे सदर अस्पताल गुमला रेफर कर दिया गया। जब शिवानी की हालत और बिगड़ने लगी, तो परिजनों ने डॉक्टरों से तत्काल एम्बुलेंस उपलब्ध कराने की मांग की, ताकि उसे गुमला या रांची ले जाया जा सके। अस्पताल प्रबंधन ने एम्बुलेंस खराब होने और स्टार्ट न होने की बात कहकर मदद देने से इनकार कर दिया। परिजनों को करीब एक से दो घंटे तक अस्पताल परिसर में इंतजार करना पड़ा, लेकिन कोई सहायता नहीं मिली। मजबूर होकर पिता ने एक निजी पिकअप वैन का इंतजाम किया। आरोप है कि इतनी गंभीर स्थिति के बावजूद अस्पताल प्रबंधन ने वैन में ऑक्सीजन तक उपलब्ध नहीं कराई। रास्ते में तोड़ा दम, परिजनों का फूटा गुस्सा शिवानी को पिकअप वैन से गुमला सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर कर दिया। लेकिन गुमला शहर से बाहर निकलते ही रास्ते में ही छात्रा ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतका की मां राजमुनी देवी ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी सुबह तक बिल्कुल ठीक थी, लेकिन अस्पताल की बेरुखी ने उसकी जान ले ली। परिजन और स्थानीय ग्रामीणों में भी भारी रोष है। चैनपुर सीएचसी पहुंच आक्रोश व्यक्त कर रहे हैं। वे जिला प्रशासन से पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने तथा दोषी डॉक्टरों और कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। सिविल सर्जन ने दिया जांच का आश्वासन मामले पर सिविल सर्जन शंभू चौधरी ने जांच का आश्वासन दिया है। दोषी पर कार्रवाई की बात कही है।


