![]()
शेखपुरा पुलिस ने साली का यौन शोषण करने के आरोप में उसके जीजा को पटना से गिरफ्तार किया है। आरोपी को पटना जिले के फतुहा थाना क्षेत्र अंतर्गत बांकीपुर गांव से पकड़ा गया। बुधवार को उसे पुलिस निगरानी में शेखपुरा लाया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बांकीपुर गांव निवासी रामजी प्रसाद के पुत्र राजू कुमार के रूप में हुई है। गिरफ्तारी के बाद उसे शेखपुरा जेल भेज दिया गया। अरियरी थाना पुलिस के अनुसार, राजू कुमार ने अपनी छोटी साली को शादी का झांसा देकर कई वर्षों तक उसका यौन शोषण किया। इस दौरान पीड़िता ने एक पुत्री को भी जन्म दिया। बाद में आरोपी ने शादी कर साथ रखने से इनकार कर दिया था। इस घटना के बाद पीड़िता ने एक माह पूर्व आरोपी के खिलाफ यौन शोषण का मामला दर्ज कराया था। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से आरोपी गिरफ्तारी के डर से छिपा हुआ था। पुलिस टीम ने तकनीकी निगरानी और सूचना के आधार पर उसे पटना से दबोचा। इस छापामार दल में अरियरी थाना अध्यक्ष अखिलेश सिंह, पुलिस सब इंस्पेक्टर सपना कुमारी और पुलिस सब इंस्पेक्टर परविंद चंद दिवाकर शामिल थे। थाना अध्यक्ष अखिलेश सिंह ने बताया कि आरोपी पहले से दो बच्चों का पिता है।

