![]()
बांका जिले के रजौन प्रखंड स्थित डीएन सिंह कॉलेज भुसिया में तृतीय वर्ग कर्मचारी कन्हैया लाल सिंह का आमरण अनशन बुधवार को छठे दिन भी जारी रहा। उनकी बिगड़ती स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए अनुमंडल पदाधिकारी राजकुमार के निर्देश पर राजस्व पदाधिकारी सूरजेश्वर श्रीवास्तव बुधवार शाम अनशन स्थल पर पहुंचे। राजस्व पदाधिकारी ने अनशन के कारणों की जानकारी ली और कन्हैया लाल सिंह को समझाकर आंदोलन समाप्त करने का प्रयास किया। बातचीत के दौरान अनशनकारी ने अपनी मांगें सक्षम प्राधिकार, यानी प्रतिकुलपति के समक्ष रखने का सुझाव दिया। दोनों पक्षों के बीच चर्चा सकारात्मक रही। हालांकि, मांगों को पूरा करने का कोई ठोस आश्वासन नहीं मिलने के कारण कन्हैया लाल सिंह ने अनशन समाप्त करने से इनकार कर दिया। इसके बाद आमरण भूख हड़ताल पूर्ववत जारी रही। कन्हैया लाल सिंह ने कहा कि कॉलेज प्रशासन पहले भी कई बार केवल आश्वासन देकर मामले को टालता रहा है, इसलिए इस बार केवल आश्वासन स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने अपनी 12 सूत्री मांगों को दोहराया। इनमें बिना विज्ञापन के हुई अवैध नियुक्तियों को रद्द करना, महाविद्यालय में हुई वित्तीय अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराना, दोषियों पर कार्रवाई करना और कॉलेज में पारदर्शी व्यवस्था लागू करना शामिल है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक सभी मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक अनशन जारी रहेगा। कन्हैया लाल सिंह ने यह भी कहा कि वे डिग्रीधारी बेरोजगार युवाओं के अधिकारों की लड़ाई अंत तक लड़ेंगे। इधर, पिछले दो दिनों से तबीयत बिगड़ने के कारण वे सलाइन के सहारे अनशन पर हैं। चिकित्सकों द्वारा उनकी नियमित स्वास्थ्य जांच की जा रही है और डॉक्टरों ने लंबे समय तक भूखे रहने से स्वास्थ्य पर गंभीर खतरे की आशंका जताई है।
