![]()
सरायकेला जिले के सीनी ओपी क्षेत्र में सेप्टिक टैंक से मिले महिला के शव मामले का पुलिस ने दो दिन के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मृतका के पति सोमराय हेंब्रम को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पूछताछ में पत्नी की हत्या कर शव को सेप्टिक टैंक में छिपाने की बात स्वीकार की है। एसपी मनोज स्वार्गियारी ने गुरुवार को बताया कि मंगलवार को सेप्टिक टैंक से बरामद शव की पहचान सोमवारी हेंब्रम के तौर पर हुई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया था। आरोपी ने हत्या का जुर्म कबूल कर लिया एसआईटी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और वैज्ञानिक, तकनीकी साक्ष्यों तथा परिस्थितिजन्य प्रमाणों के आधार पर जांच की। स्थानीय लोगों से पूछताछ के बाद मृतका के पति सोमराय हेंब्रम पर संदेह गहराया। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपी ने हत्या का जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी सोमराय हेंब्रम को अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। आरोपी ने बताया कि उसने पहले बिजली के तार से पत्नी का गला घोंटा और फिर लोहे की रॉड से सिर पर वार किया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी ने शव को घर के बगल में निर्माणाधीन मकान के पास बने सेप्टिक टैंक में फेंक दिया था, ताकि सबूत मिटाए जा सकें। हालांकि, वैज्ञानिक जांच और पुख्ता साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने इस मामले का सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया।

