![]()
शेखपुरा के सिरारी थाना क्षेत्र अंतर्गत सुल्तानपुर गांव से एक 11 वर्षीय बालक लापता हो गया है। बालक की मां रूपम देवी ने स्थानीय थाने में अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई है। बालक के गायब होने के बाद से परिवार में मायूसी छाई हुई है। लापता बालक चौथी कक्षा का छात्र है और बगल के वर्मा गांव स्थित एक निजी विद्यालय में पढ़ता है। वह सुल्तानपुर गांव निवासी पुरुषोत्तम कुमार का इकलौता पुत्र है। पुरुषोत्तम कुमार महाराष्ट्र के पुणे शहर में एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं और फिलहाल वहीं हैं। गगरी पंचायत के पूर्व मुखिया प्रभात सिंह ने बताया कि बालक अपनी छोटी बहन और मां के साथ घर में रहता था। बीते बुधवार को वह दोपहर में अपने घर से खेलने के लिए बाहर निकला था। देर शाम तक उसके घर न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद भी बालक का कोई पता नहीं चला। इसके बाद आज देर शाम अज्ञात के विरुद्ध स्थानीय थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई। सिरारी थानाध्यक्ष जयप्रकाश तिवारी ने बताया कि अपहरण की प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस बालक की बरामदगी के लिए तत्परता से तलाश कर रही है। उन्होंने बताया कि निकटवर्ती लखीसराय रेलवे जंक्शन और अन्य स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। बालक के बरामद न होने से परिवार के लोग चिंतित हैं।


