.
आज की सबसे बड़ी खबर दिल्ली से है। दिल्ली के जंतर-मंतर के पास भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में न्याय अधिकार सभा बुलाई गई। डीएम जी. कृष्णैया हत्याकांड में सुप्रीम कोर्ट ने सख्त टिप्पणी की है। वहीं, बांकीपुर उपचुनाव से पहले RJD को बड़ा झटका लगा है। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, बिहार दिनभर में क्या कुछ खास रहा…
1. दिल्ली पहुंचा भरत तिवारी एनकाउंटर मामला
भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में न्याय की मांग को लेकर आज यानी शुक्रवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर न्याय अधिकार सभा बुलाई गई है। ‘हम वतन साथियों’ गाने के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई है। आयोजन ‘क्रांतिवीर भरत तिवारी संघर्ष मोर्चा’ के बैनर तले हो रहा है। श्रद्धांजलि सभा में लोगों के पहुंचने का सिलसिला जारी है। आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में बिहार, मध्य प्रदेश, यूपी और हरियाणा के करीब 12 हजार लोग पहुंच चुके हैं। सभी लोग मिलकर भरत तिवारी और उनके परिवार के लिए न्याय की मांग को राष्ट्रीय स्तर पर उठाएंगे। पूरी खबर पढ़ें

2. आनंद मोहन की रिहाई पर सुप्रीम कोर्ट सख्त
बिहार के गोपालगंज में 1994 के चर्चित तत्कालीन जिला मजिस्ट्रेट (DM) जी. कृष्णैया हत्याकांड में कल सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई के दौरान कई अहम और कड़ी टिप्पणियां कीं। अदालत ने मौखिक रूप से कहा कि अगर ड्यूटी पर तैनात किसी लोक सेवक की हत्या को भी “दुर्लभतम अपराध (Rarest of Rare)” नहीं माना जाएगा, तो इससे अपराधियों को गलत संदेश जाएगा। वे ऐसे अपराध करने के लिए प्रोत्साहित होंगे।’ न्यायमूर्ति दीपांकर दत्ता और न्यायमूर्ति शील नागू की पीठ ने बिहार सरकार द्वारा पूर्व सांसद आनंद मोहन को समय से पहले रिहा किए जाने के फैसले को चुनौती देने वाली याचिका पर सुनवाई के बाद अपना फैसला सुरक्षित रख लिया। पूरी खबर पढ़ें
3. BJP पर आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर जन सुराज ने शुक्रवार को पीसी की। प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने बताया, प्रशांत किशोर को चुनाव आयोग की ओर से ‘स्कूल का बस्ता’ चुनाव चिह्न आवंटित किया गया है। उन्होंने कहा, मतपत्र पर यह चुनाव चिह्न क्रम संख्या-9 पर रहेगा। पार्टी इसे घर-घर तक पहुंचाने के लिए बड़े स्तर पर जनसंपर्क अभियान चलाएगी। मनोज भारती ने बीजेपी पर आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए कहा, इन शिकायतों को लेकर पार्टी के एक उच्चस्तरीय शिष्टमंडल ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा है। पूरी खबर पढ़ें
4. मृत्युंजय का इस्तीफा, डैमेज कंट्रोल में जुटी RJD
बांकीपुर उपचुनाव से पहले RJD को बड़ा झटका लगा है। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है। मृत्युंजय तिवारी के इस्तीफ के बाद शुक्रवार की सुबह राजद के सीनियर लीडर अब्दुल बारी सिद्दीकी ने मृत्युंजय तिवारी से मुलाकात की। बताया जाता है कि राजद से सीनियर लीडर ने मृत्युंजय तिवारी को लालू यादव से मिलने के लिए कहा है। भास्कर से मृत्युंजय तिवारी ने बात की। उन्होंने कहा कि RJD में कोई सम्मान नहीं है, इसलिए वहां नहीं रहना है। पार्टी दिशाहीन हो गई है। कोई सुनवाई नहीं है। कुछ लोग इतना पावर लेकर बैठ गए हैं कि टिकट चाहिए, पद चाहिए। मैंने कभी पार्टी से कोई डिमांड नहीं की। पूरी खबर पढ़ें

5. बिहार के आयुष भलोटिया ने हासिल की चौथी रैंक
NEET UG का रिजल्ट गुरुवार रात जारी किया गया। दोबारा हुई परीक्षा में करीब 20 लाख छात्र बैठे थे। 11.21 लाख ने क्वालिफाई किया। पंजाब के आर्यन गुप्ता और हरियाणा के पंशुल बंसल संयुक्त टॉपर हैं। दोनों ने 720 में से 715 अंक हासिल किए। बिहार के आयुष भलोटिया को ऑल इंडिया रैंक-4 मिली है। जनरल कैटेगरी के आयुष को 99.99965 परसेंटाइल मिले। वहीं, बिहार की रिया रंजन ओबीसी-एनसीएल (सेंट्रल लिस्ट) श्रेणी से छठे स्थान पर है। पूरी खबर पढ़ें
6. बोलवेल में गिरे मासूम को 7 घंटे में किया रेस्क्यू
गयाजी में एक तीन साल का मासूम 30 फीट गहरे बोरवेल में गिर गया। हादसा गुरुवार शाम करीब 7:30 बजे के करीब हुआ। बच्चे के गिरते ही चीख-पुकार मच गई। बोरवेल में गिरे बच्चे की पहचान रंगू नगर निवासी दिनेश मांझी के बेटे पीयूष कुमार के रूप में की गई है। घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस और प्रशासन को दी। जिसके बाद स्थानीय प्रशासन, SDRF-NDRF ने मोर्चा संभाला। करीब 7 घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद पीयूष को सुरक्षित निकाला गया। जिसके बाद सभी ने राहत की सांस ली। पूरी खबर पढ़ें
7. PNG गैस पाइपलाइन फटी, कई छात्राएं बेहोश
मुजफ्फरपुर में पीएनजी पाइपलाइन फट गई। मामला रोहुआ इलाके का है, जहां बुडको के निर्माण कार्य के दौरान जेसीबी से खुदाई करते समय गैस पाइपलाइन टूट गई। पाइपलाइन फटने के बाद तेज आवाज के साथ गैस का रिसाव शुरू हो गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। हादसा स्कूल से महज 20 मीटर की दूरी पर हुआ। हादसे के वक्त स्कूल में 200 स्टूडेंट्स थे। टीचर उन्हें बाहर निकालने लगे, इसी दौरान कई छात्राएं गैस की चपेट में आ गईं और बेहोश हो गईं। छात्राओं को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल देखा गया। पूरी खबर पढ़ें
8. पत्नी ने बॉयफ्रेंड संग मिलकर पति का गला काटा
बिहार के किशनगंज के एक युवक की पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग में सिर काटकर हत्या कर दी गई। हत्या की प्लानिंग उसकी पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर की। पत्नी का प्रेमी तांत्रिक है। बताया जाता है कि हत्या के पीछे की वजह अवैध संबंध और तंत्र-मंत्र है। 14 जुलाई को सिलीगुड़ी के बागडोगरा स्थित हंसखोया चाय बागान के सेक्शन 9 में मजदूर चाय की पत्तियां तोड़ रहे थे। इसी दौरान उन्हें एक सिर कटी और खून से लथपथ लाश मिली। पूरी खबर पढ़ें

9. चाबी नहीं मिली, चोरों ने युवती के बाल काटे
दरभंगा में चोरी की कोशिश हुई है। शुक्रवार तड़के करीब 2:45 बजे प्राइवेट स्कूल के शिक्षक सुमन कुमार चौधरी के घर में घुसे बदमाशों ने चोरी का प्रयास किया। काफी कोशिश के बाद भी गोदरेज की चाबी नहीं मिली। सिर्फ 1000 रुपए नकद ही हाथ लगा। गुस्से में जाते-जाते घर में सो रही एक नाबालिग लड़की(16) के बाल चाकू से काट दिए। घटना बहादुरपुर थाना क्षेत्र के डरहार गांव की है। महज आठ दिन पहले इसी गांव में डॉ. पवन कुमार मिश्रा के घर डकैती हुई थी। करीब पांच लाख रुपए के जेवरात लूट लिए गए थे। डकैतों ने उनकी बहु करिश्मा मिश्रा को नशे की इंजेक्शन दे दी थी। विरोध करने पर बाल भी काट दिए थे। पूरी खबर पढ़ें
10. 5 जिलों में बारिश, बाकी में सामान्य रहेगा मौसम
मौसम विज्ञान केंद्र ने कल यानी शनिवार को प्रदेश के 5 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसमें बक्सर, भोजपुर, कैमूर, रोहतास और औरंगाबाद शामिल हैं। वहीं, 32 जिलों में मौसम सामान्य रहेगा। इन जिलों में लोगों को उमस भरी गर्मी अधिक महसूस होगी।

