![]()
मधेपुरा के गम्हरिया प्रखंड स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय जागीर टोला में मिड-डे मील खाने के बाद 45 बच्चों के बीमार पड़ने के मामले में शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के निर्देश पर हुई जांच के बाद शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। शिक्षा विभाग ने विद्यालय के प्रधानाध्यापक निर्मल कुमार भारती को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सिंहेश्वर में इलाज कराया जिला शिक्षा विभाग की ओर से जारी कार्यालय आदेश के अनुसार 18 जुलाई को विद्यालय में बच्चों को परोसे गए मिड डे मील में कथित रूप से छिपकली की पूंछ मिलने के बाद 45 बच्चे आंशिक रूप से बीमार हो गए थे। सभी बच्चों का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सिंहेश्वर में इलाज कराया गया था। घटना के बाद प्रधानाध्यापक से स्पष्टीकरण मांगा गया था, लेकिन निर्धारित अवधि तक उनका जवाब प्राप्त नहीं हुआ। इसे वरीय अधिकारियों के आदेश की अवहेलना, कर्तव्य के प्रति उदासीनता तथा मध्याह्न भोजन योजना के संचालन में लापरवाही मानते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। विभागीय नियमों के अनुसार निर्वाह भत्ता देय कार्यालय आदेश के अनुसार निलंबन अवधि में निर्मल कुमार भारती का मुख्यालय प्रखंड संसाधन केंद्र, ग्वालपाड़ा निर्धारित किया गया है। इस अवधि में उन्हें विभागीय नियमों के अनुसार निर्वाह भत्ता देय होगा। साथ ही प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, गम्हरिया को विद्यालय के वरीय शिक्षक या शिक्षिका को विद्यालय का प्रभार सौंपने तथा निलंबित प्रधानाध्यापक को नियमानुसार विरमित कर निलंबन मुख्यालय में योगदान सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया है। वहीं, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, ग्वालपाड़ा को उनके योगदान स्वीकार करने के बाद इसकी सूचना जिला शिक्षा कार्यालय को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। कार्यालय आदेश में कहा गया है कि प्रधानाध्यापक के विरुद्ध आरोप पत्र अलग से जारी किया जाएगा। यह कार्रवाई सक्षम प्राधिकार की स्वीकृति के बाद की गई है। वहीं, रसोईया और बीआरपी पर भी कार्रवाई की जाएगी।


