Tuesday, July 21, 2026

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

21 जुलाई को भारी बारिश और आंधी का अलर्ट

21 जुलाई को भारी बारिश और आंधी का अलर्ट

21 July Ka Mausam: पश्चिम बंगाल में मानसून पूरी तरह मेहरबान है. इसके प्रभाव से राज्य के दोनों हिस्सों (उत्तर बंगाल और दक्षिण बंगाल) में लगातार मौसम बदल रहा है. प्रादेशिक मौसम विज्ञान केंद्र, अलीपुर (कोलकाता) ने बताया है कि कल यानी 21 जुलाई को राज्य के तापमान में गिरावट के साथ कई जिलों में मूसलाधार बारिश और तेज हवाओं का तांडव देखने को मिल सकता है.

झारखंड और बिहार में बने चक्रवात का दिखेगा असर

मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तरी झारखंड और उससे सटे बिहार के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण (Cyclonic Circulation) के असर से मंगलवार को भी उत्तर से लेकर दक्षिण बंगाल तक मानसून सक्रिय रहेगा. आइए जानते हैं, कल 21 जुलाई को बंगाल के दोनों हिस्सों में मौसम का हाल कैसा रहेगा.

उत्तर बंगाल के 3 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने कहा है कि उत्तर बंगाल के पहाड़ी और तराई वाले इलाकों में कल भी बादलों की आवाजाही लगी रहेगी. अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है. इसके साथ ही जलपाईगुड़ी, कलिम्पोंग और अलीपुरदुआर जिलों में एक या दो स्थानों पर भारी बारिश (7 से 11 सेंटीमीटर) होने की संभावना है. मालदा, उत्तर दिनाजपुर और दक्षिण दिनाजपुर जिलों में एक या दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात (Thunderstorm and Lightning) होने की आशंका है.

ये भी पढ़ें: बंगाल में मानसून का तांडव : चेपान में 145 मिमी से ज्यादा वर्षा, कोलकाता सहित दक्षिण बंगाल का भी बदला मिजाज, पढ़ें IMD की पूरी रिपोर्ट

लगातार बारिश से भू-स्खलन और बाढ़ का खतरा

लगातार बारिश के चलते दार्जिलिंग और कलिम्पोंग के पहाड़ी इलाकों में भू-स्खलन (Landslide) का खतरा बरकरार है. निचले इलाकों में जलभराव की समस्या आ सकती है. तीस्ता, तोर्सा व जलढाका जैसी नदियों का जलस्तर बढ़ सकता है, जिससे बाढ़ की आशंका है.

ये भी पढ़ें: बंगाल में अगले 15 दिन कैसा रहेगा मौसम? IMD ने जारी किया भारी बारिश और आंधी का डबल अलर्ट, जानें अपने जिले का हाल

दक्षिण बंगाल में कोलकाता सहित सभी जिलों में आंधी का अलर्ट

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के कोलकाता केंद्र ने कहा है कि 21 जुलाई को दक्षिण बंगाल में मूसलाधार बारिश का कोई सीधा अलर्ट नहीं है, लेकिन आंधी और तूफान चलने की आशंका है. दक्षिण के जिलों के लिए तेज हवाओं का येलो अलर्ट जारी किया गया है. इसमें कहा गया है कि कोलकाता, हावड़ा, हुगली, 24 परगना, मेदिनीपुर और बर्धमान सहित दक्षिण बंगाल के सभी जिलों में एक या दो स्थानों पर गरज-चमक और वज्रपात के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं (Gusty Wind) चलने की आशंका है.

ये भी पढ़ें: बंगाल में मानसून के 2 रंग : उत्तर में मूसलाधार बारिश, जलपाईगुड़ी के मूर्थी में रिकॉर्ड 173 मिमी वर्षा, दक्षिण अब भी प्यासा

22 जुलाई से बढ़ेगी आफत

मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण बंगाल के अधिकांश इलाकों में मंगलवार को कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होगी, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी. मौसम विभाग ने सतर्क करते हुए कहा है कि 21 जुलाई के ठीक अगले दिन यानी 22 जुलाई से 24 जुलाई के बीच दक्षिण बंगाल के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का दौर शुरू होने वाला है.

आम जनता के लिए मौसम विभाग की सलाह

मौसम विभाग ने दक्षिण बंगाल के लोगों के लिए सलाह जारी करते हुए कहा है कि गरज-चमक और तेज हवाओं के दौरान खुले मैदान या पेड़ों के नीचे आश्रय न लें, पक्के मकानों में रहें. जलजमाव वाले इलाकों या बिजली के खंभों के पास जाने से बचें. पहाड़ी इलाकों में यात्रा करते समय स्थानीय मौसम अपडेट और प्रशासन के निर्देशों का पालन जरूर करें.

ये भी पढ़ें: 20 जुलाई को कैसा रहेगा बंगाल का मौसम? उत्तर बंगाल के 5 जिलों में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, जानें दक्षिण बंगाल का हाल

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles