![]()
मधेपुरा में सोमवार शाम राष्ट्रीय राजमार्ग-107 पर हुए एक सड़क हादसे में बाइक सवार महिला की मौत हो गई। इस दुर्घटना में बाइक चला रहा उसका भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना मठाही पुलिस शिविर क्षेत्र के पिठाही और चकला चौक के बीच नहर के समीप शाम करीब 6:30 बजे हुई। बताया गया कि अपाचे बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हादसे में शंकरपुर थाना क्षेत्र के बसंतपुर वार्ड-17 निवासी तुलो देवी (50) के सिर में गंभीर चोट लगी, जिससे वह बेहोश हो गईं। बाइक चला रहे बिट्टू कुमार (30) भी घायल हो गए। घायल को हायर सेंटर किया रेफर डायल-112 पुलिस टीम ने तत्काल तुलो देवी और बिट्टू कुमार को मधेपुरा सदर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद तुलो देवी को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल बिट्टू कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। बताया गया कि चाची और भतीजा सोमवार सुबह सहरसा स्थित कारु बाबा स्थान पर पूजा करने गए थे। वे शाम को अपने घर बसंतपुर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। पुलिस के अनुसार तेज रफ्तार के कारण बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हुई। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना डायल-112 को दी, जिसके बाद एसआई सुनील कुमार और चालक अजय कुमार ओझा सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। परिजनों ने महिला के शव का पोस्टमार्टम कराए बिना ही उसे अपने साथ घर ले जाने का निर्णय लिया।

