लोहरदगा| उपायुक्त संदीप कुमार मीना की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय सभाकक्ष में उद्योग विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम तथा पीएम विश्वकर्मा कौशल सम्मान योजना के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों एवं उनके निष्पादन की विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना के लंबित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने अग्रणी बैंक प्रबंधक को निर्देशित किया कि सभी लंबित आवेदनों का निष्पादन एक सप्ताह के भीतर किया जाए। साथ ही यदि किसी आवेदन को अस्वीकृत किया जाता है तो उसके कारणों का स्पष्ट व लिखित रूप से उल्लेख किया जाए, ताकि आवेदकों को आवश्यक जानकारी प्राप्त हो सके। बैठक में पीएम विश्वकर्मा कौशल सम्मान योजना के अंतर्गत ऋण के लिए प्राप्त आवेदनों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित बैंकों को निर्देश दिया कि प्राप्त आवेदनों का निष्पादन अधिकतम एक माह के भीतर किया जाए। यदि किसी आवेदन को अस्वीकृत किया जाता है तो उसके कारणों का स्पष्ट उल्लेख किया जाए। उन्होंने स्वीकृत आवेदनों में ऋण राशि का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया, ताकि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके। उपायुक्त ने कहा कि केंद्र सरकार की स्वरोजगार एवं उद्यमिता से जुड़ी योजनाओं का उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। ऐसे में सभी संबंधित विभाग एवं बैंक आपसी समन्वय स्थापित कर लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करें।
