राजनीतिक दल हमें सिर्फ वोट का हिस्सा न समझें। बल्कि हमारे हक को भी अपने एजेंडे में भी शामिल करें। देश को ख्याति दिलाने वाला, व्यापार के लिए सुगम मार्ग और माहौल देने वाला प्रत्याशी चाहिए। जो जातिगत…
राजनीतिक दल हमें सिर्फ वोट का हिस्सा न समझें। बल्कि हमारे हक को भी अपने एजेंडे में भी शामिल करें। देश को ख्याति दिलाने वाला, व्यापार के लिए सुगम मार्ग और माहौल देने वाला प्रत्याशी चाहिए। जो जातिगत समीकरण से उठकर कार्य करे और आम आदमी की बात को ध्यान रखकर निर्णय ले। ऐसे प्रत्याशी के जीतने से हमारा लोकतंत्र और देश दोनों मजबूत होगा।
सिद्धगिरी बाग स्थित अस्थिरोग विशेषज्ञ डॉ. अजित सैगल के आवास पर शुक्रवार को आयोजित चाय-चौपाल में प्रबुद्धजनों और महिलाओं ने विचार रखे। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा बड़ा मुद्दा है, लेकिन उससे भी बड़ा मुद्दा देश की सुरक्षा का है। हम उसी प्रत्याशी को वोट देंगे जो देश की मजबूती और उन्नति सोचेगा। ताकि हम स्वतंत्र होकर कार्य कर सकें। कार्यक्रम में अभिनव चौरसिया, संजीव श्रीवास्तव, शैलेंद्र अग्रवाल, राजेंद्र अवस्थी, राजकुमार जायसवाल, आशिष प्रसाद, राहुल गाभावाला आदि मौजूद रहे।
व्यापार के लिए मांगी सुरक्षा
व्यापारियों को सुरक्षा मिलना आवश्यक है ताकि वह निर्भीक होकर व्यवसाय कर सकें। हर सरकार से हमें इसकी अपेक्षा रहती है। आगे भी इसी को ध्यान में रखकर मतदान करेंगे।
मतदान के दिन निकलें घर से
चुनाव के दिन लोगों से छूट्टी मनाने की जगह मतदान करने को कहा। वक्ताओं ने कहा कि बीएचयू में प्रबुद्धजन रहते हैं। लेकिन हर बार यहां चुनाव फीका रहता है। इस बार उन्हें अपनी सहभागिता दिखानी चाहिए। ताकि लोकतंत्र का महापर्व सफल हो सके।
बोले प्रबुद्धजन-
क्षेत्र का नाम और मान बढ़ाने वाले और विकास की राजनीति करने वाले को हम अपना सांसद चुनेंगे।
डॉ. अजित सैगल
महिलाओं के मुद्दों को प्रमुखता देने वाले को हम वोट देंगे। ताकि हमारी भागीदारी समाज में बराबरी पर रहे।
डॉ. बेला सैगल
राष्ट्रीय मुद्दे पर जोर देने वाला हमारा सांसद होगा। देश मजबूत होगा तो हम खुद ब खुद मजबूत होंगे।
डॉ. अनिल ओहरी
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने वाला हमारा सांसद होगा। इस बार का चुनाव राष्ट्र को पहचान दिलाने वाला होगा।
डॉ. नीलम ओहरी
जातिगत मुद्दों से परे आम आदमी को ध्यान में रखने वाले को हम अपना सांसद चुनेंगे। हवाबाजों से दूर रहकर मतदान होगा।
रति शंकर त्रिपाठी
युवाओं के मुद्दों को तरजीह देने वाला इस बार हमारा सांसद होगा। जो खिलाड़ियों के लिए भी सोचे उसी को हम वोट करेंगे।
नीलू मिश्रा
मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए हम सब लगातार प्रयास कर रहे हैं। विकास के नाम पर ही इस बार वोट करेंगे।
योगेश अग्रवाल
काशी को विश्व के पटल पर पहचान दिलाने वाले को इस बार वोट करेंगे। इससे हमारा सम्मान भी जुड़ा है। इसे बढ़ाना है।
शिल्पी अग्रवाल
हमारा प्रत्याशी वही होगा जो रोजगार और व्यापार के अवसर बढ़ाएगा। व्यापार के लिए सही माहौल देने वाले को हम अपना सांसद चुनेंगे।
चंद्रशेखर कपूर
