![]()
गयाजी शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में पुलिस ने बाइक चोरी के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि कोर्ट कैंपस और पास के अंबेडकर मार्केट में कई दिनों से बाइक चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही थी। पुलिस का कहना है कि पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि हाल के दिनों में कोर्ट परिसर, रजिस्ट्री ऑफिस और अंबेडकर मार्केट के आसपास लगातार बाइक चोरी हो रही थीं। लगातार हो रही इन घटनाओं से इलाके के लोगों में डर का माहौल था। बीते दिन भी अंबेडकर मार्केट से बाइक चोरी होने का मामला सामने आया था। इससे स्थानीय दुकानदारों और वाहन चालकों में पुलिस के प्रति नाराजगी बढ़ रही थी। बाइक का लॉक तोड़ते वक्त एक आरोपी को पुलिसकर्मी ने दबोचा चोरी की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए सिविल लाइन थाने की पुलिस काफी सतर्क थी। पुलिस टीम सादी वर्दी में अंबेडकर मार्केट और कोर्ट परिसर के आसपास लगातार निगरानी रख रही थी। गुरुवार दोपहर पुलिस टीम को एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया। सादे कपड़ों में मौजूद पुलिसकर्मियों ने उस पर नजर रखनी शुरू कर दी। इसी दौरान वह युवक एक खड़ी बाइक का लॉक तोड़ने की कोशिश करने लगा। जैसे ही उसने लॉक तोड़ने का प्रयास किया, पुलिस ने उसे तुरंत रंगे हाथ धर दबोचा। पुलिस टीम आरोपी को फौरन थाने ले आई। आरोपी की निशानदेही पर पकड़े गए 3 अन्य थाने में जब पुलिस ने पकड़े गए आरोपी से कड़ी पूछताछ की, तो उसने गिरोह का पर्दाफाश कर दिया। उसने अपने तीन अन्य साथियों के नामों का खुलासा किया। उसने बताया कि उसके तीनों साथी भी शहर के अलग-अलग इलाकों में बाइक चोरी करने की फिराक में हैं। इस जानकारी के मिलते ही पुलिस तुरंत हरकत में आई। पुलिस ने पकड़े गए युवक की निशानदेही पर अलग-अलग जगहों पर छापेमारी की। पुलिस ने एक-एक करके उसके तीनों साथियों को भी दबोच लिया। पुलिस कर रही है कड़ी पूछताछ फिलहाल पुलिस चारों आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। पुलिस उनसे चोरी की गई पुरानी बाइकों और गिरोह के अन्य नेटवर्क के बारे में पूछताछ कर रही है। पुलिस को उम्मीद है कि इस गिरोह से चोरी के कई अन्य मामलों का खुलासा हो सकता है। वहीं सिविल लाइंस थाना इंस्पेक्टर शमीम अहमद ने बताया कि सभी पकड़े गए लड़के फिलहाल संदिग्ध है। पूछताछ की जा रही है। उनके बारे में पता किया जा रहा है।
