![]()
लखीसराय में छह छात्र संगठनों द्वारा केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफा और दिल्ली में छात्रों पर कथित लाठीचार्ज के विरोध में प्रस्तावित आक्रोश रैली को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। रैली के मद्देनजर शुक्रवार को सदर थाना परिसर में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की एक संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सदर एसडीएम प्रभाकर कुमार और एसडीपीओ शिवम कुमार ने संयुक्त रूप से की। इसमें जिले के पुलिस पदाधिकारियों, थाना प्रभारियों और पुलिस बल को रैली के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने यह सुनिश्चित करने को कहा कि प्रदर्शन के दौरान आम लोगों को कोई असुविधा न हो, इसके लिए यातायात व्यवस्था सुचारु रखी जाए। संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा और प्रमुख चौक-चौराहों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। एसडीएम प्रभाकर कुमार ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रदर्शन के दौरान कानून का पालन सुनिश्चित किया जाए और किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जाए। वहीं, एसडीपीओ शिवम कुमार ने पुलिस पदाधिकारियों को सतर्क और मुस्तैद रहने का निर्देश देते हुए कहा कि शांति एवं सौहार्द बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने रैली के आयोजकों से भी प्रशासन का सहयोग करने और शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन करने की अपील की। सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन पर चर्चा बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, आपात स्थिति से निपटने की रणनीति और विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से पुलिस लगातार वाहन जांच अभियान भी चला रही है और संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ा दी गई है, ताकि किसी भी तरह की अवांछित गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।

