![]()
किशनगंज जिला प्रशासन ने 25 जुलाई को प्रस्तावित राज्यव्यापी धरना-प्रदर्शन के मद्देनजर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की है। यह प्रदर्शन नीट पेपर लीक और पटना में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में विभिन्न राजनीतिक दलों और छात्र संगठनों द्वारा बुलाया गया है। यह विशेष सुरक्षा व्यवस्था आदेश जारी होने की तिथि से 31 जुलाई तक प्रभावी रहेगी। प्रशासन ने संभावित भीड़ और कानून-व्यवस्था की चुनौती को देखते हुए यह कदम उठाया है। विशेष शाखा, बिहार से मिली सूचना के अनुसार, इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्रों और युवाओं के शामिल होने की संभावना है। भाकपा (माले) के काराकाट विधायक अरुण कुमार सिंह, पालीगंज विधायक संदीप सौरभ, पूर्व विधायक अमरजीत कुशवाहा और आईसा के प्रदेश अध्यक्ष धनंजय कुमार सहित अन्य छात्र नेताओं ने संयुक्त रूप से इस राज्यस्तरीय धरना-प्रदर्शन का आह्वान किया है। संवेदनशील स्थलों पर पुलिस तैनात सुरक्षा व्यवस्था के तहत किशनगंज शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, समाहरणालय, सिविल कोर्ट, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक आवास, तथा जिला अतिथि गृह जैसे संवेदनशील स्थलों पर दंडाधिकारी और पुलिस अधिकारियों को तैनात किया गया है। इसके अतिरिक्त, बहादुरगंज और ठाकुरगंज प्रखंडों में भी वरीय अधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहेगा। तीन मोबाइल गश्ती दल (ORT) और बाइक पेट्रोलिंग टीमें भी लगातार निगरानी करेंगी। सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों को प्रतिदिन सुबह छह बजे से अपने-अपने क्षेत्र में मौजूद रहकर कानून-व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया गया है। उन्हें संदिग्ध एवं असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने और किसी भी घटना की तत्काल सूचना जिला नियंत्रण कक्ष को देने के लिए कहा गया है। किसी भी घटना के लिए प्रशासन तैयार प्रशासन ने महत्वपूर्ण घटनाओं की वीडियोग्राफी कराने, सोशल मीडिया पर भ्रामक संदेशों की निगरानी, भीड़ नियंत्रण के लिए पब्लिक एड्रेस सिस्टम, दंगा निरोधी उपकरण, महिला पुलिस बल, त्वरित कार्रवाई दल (QRT), फायर ब्रिगेड, मेडिकल टीम और एम्बुलेंस की भी व्यवस्था सुनिश्चित की है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की लापरवाही पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। वहीं आम लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई है।


