![]()
जमुई जिले के लक्ष्मीपुर प्रखंड के सुजनी गांव में एक व्यक्ति की कुएं में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान 42 वर्षीय सुरेंद्र मांझी के रूप में हुई है, जो मदन मांझी के पुत्र थे। इस घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार, सुरेंद्र मांझी शुक्रवार को बहियार स्थित एक कुएं से पीने का पानी निकाल रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वे सीधे कुएं में गिर गए। स्थानीय लोगों की मदद से कुएं से बाहर निकाला घटना के समय आसपास कोई मौजूद नहीं था, जिसके कारण काफी देर तक किसी को इसकी जानकारी नहीं मिल सकी। काफी समय बीतने के बाद जब परिजनों और ग्रामीणों ने सुरेंद्र मांझी की खोजबीन शुरू की, तब उन्हें कुएं में गिरा हुआ पाया गया। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें कुएं से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंपा घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी की। शव को शुक्रवार रात सदर अस्पताल लाया गया। जिला पदाधिकारी के निर्देश पर रात 11 बजे डॉक्टरों ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया। परिजनों ने बताया कि सुरेंद्र मांझी परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे। उनके परिवार में तीन बेटियां और दो बेटे हैं। उनकी असामयिक मृत्यु से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

