![]()
अररिया जिले के पलासी प्रखंड अंतर्गत बरकुंमहा पंचायत के तरबी गांव में आठ दिन से लापता एक युवती का शव गांव के ही धान के खेत से बरामद हुआ है। शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और स्थानीय लोगों ने पलासी थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अररिया सदर अस्पताल भेज दिया। मृतका की पहचान तरबी गांव निवासी बालेश्वर यादव की 21 वर्षीय पुत्री निशा कुमारी के रूप में हुई है। रविवार शाम करीब चार बजे शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। मृतका के जीजा उमेश कुमार ने बताया कि निशा कुमारी 18 जुलाई को घर से शौच के लिए निकली थी, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटी। इसके बाद परिजनों ने अपने स्तर पर उसकी काफी तलाश की। जब उसका कोई पता नहीं चला तो मामले की सूचना पलासी थाना में दी गई थी। इसके बाद से लगातार उसकी खोजबीन की जा रही थी। रविवार को गांव के कुछ लोगों ने पास के धान के खेत में एक शव देखा। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया
सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे, जहां शव की पहचान निशा कुमारी के रूप में हुई। शव मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल परिजनों ने किसी व्यक्ति पर संदेह या किसी प्रकार की आशंका व्यक्त नहीं की है। पलासी थाना पुलिस का कहना है कि सूचना मिलते ही शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और परिजनों की ओर से दिए जाने वाले आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

