
Ranchi Municipal Election 2026, रांची (उत्तम महतो): 23 फरवरी को होनेवाले रांची नगर निगम के चुनाव का प्रचार शनिवार की शाम पांच बजे थम गया. अंतिम दिन प्रत्याशी सुबह से शाम तक मतदाताओं से संपर्क करते दिखे. एक अनुमान के अनुसार प्रत्याशियों ने आखिरी दिन साढे़ पांच करोड़ से अधिक की राशि खर्च कर दी. मेयर और पार्षद प्रत्याशियों ने जनसमर्थन पाने की कोशिश में पूरी ताकत झोंक दी.
364 पार्षद प्रत्याशी हैं मैदान में
रांची नगर निगम क्षेत्र से 11 मेयर प्रत्याशी और 364 पार्षद प्रत्याशी मैदान में हैं. प्रचार के आखिरी दिन सभी प्रत्याशियों ने बाइक रैली, पदयात्रा और डोर-टू-डोर संपर्क अभियान चलाकर मतदाताओं से समर्थन मांगा. शहर के विभिन्न इलाकों में सैकड़ों बाइक के साथ शक्ति प्रदर्शन किया गया. समर्थकों ने झंडे-बैनर के साथ पूरे दिन विभिन्न वार्डों में भ्रमण किया. एक अनुमान के अनुसार, प्रचार के अंतिम दिन प्रत्याशियों द्वारा साढ़े पांच करोड़ रुपये से अधिक की राशि खर्च की गयी.
Also Read: झारखंड की ऊंची उड़ान: विकास दर में देश को पछाड़ा, 7.02% की रफ्तार से दौड़ रही अर्थव्यवस्था
प्रत्याशियों ने समर्थकों को दिये पेट्रोल के लिए पैसे
बाइक रैली और सभाओं का आयोजन करनेवाले प्रत्याशियों ने समर्थकों को पेट्रोल के लिए प्रति बाइक लगभग 200 रुपये और प्रति व्यक्ति 500 रुपये नगद दिये. कई जगह समर्थकों के लिए भोजन और अन्य व्यवस्थाएं भी की गयी थीं. अंतिम दिन प्रत्याशियों ने 80 हजार से लेकर तीन लाख रुपये तक खर्च किये. इस हिसाब से 364 पार्षद प्रत्याशियों का औसत खर्च 1.50 लाख रुपये माना जाये, केवल अंतिम दिन ही लगभग 5.46 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है. प्रचार थमने के बाद अब प्रत्याशी डोर-टू-डोर जनसंपर्क कर रहे हैं, जो रविवार की देर रात तक जारी रहेगा.
Also Read: चुनाव को देखते हुए पलामू पुलिस का ‘एक्शन’, मतदान से पहले 9 गुंडे जिला बदर, सीमा पार रहने का फरमान




