![]()
भागलपुर जिले में एक सड़क हादसे में बाइक सवार एक ही परिवार के पांच लोग घायल हो गए। यह हादसा नवादा थाना क्षेत्र में पेट्रोल पंप से करीब आधा किलोमीटर पहले हुई, जब सामने से आ रही एक जुगाड़ गाड़ी ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसे में घायल लोगों की पहचान जितेन्द्र कुमार, लक्ष्मी देवी, कंचन देवी, रितेश कुमार और बिशु कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। जुगाड़ गाड़ी से टकराए बाइक सवार घायल के परिजन रोशन कुमार ने बताया, सभी लोग भेजाचक गांव के निवासी हैं और नवादा में आयोजित एक भोज कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। वहां बच्चे की छठी का कार्यक्रम था, जो मंझली भाभी के मायके में आयोजित किया गया था। रास्ते में थाना पेट्रोल पंप से करीब आधा किलोमीटर पहले अचानक एक जुगाड़ गाड़ी से उनकी बाइक की टक्कर हो गई, जिससे बाइक पर सवार जितेन्द्र कुमार सहित 5 लोग गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना की जांच में जुटी पुलिस सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त बाइक, जुगाड़ गाड़ी को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

