![]()
पूर्णिया में सौतेले बेटे ने मां की हत्या कर दी। बेटे चाहता था कि जमीन उसके नाम पर हो जाए। इसी जिद में उसने अपनी पत्नी के साथ मिलकर 22 जुलाई को अपनी सौतेली मां को ईंट-पत्थर से मारा था। महिला को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां 5 दिन इलाज चला, सोमवार को मौत हो गई। मृतका के पति उदय दास ने बताया कि मैंने तीन शादियां की थी। पहली पत्नी की मौत हो चुकी है। मृतका अनिता देवी उनकी दूसरी पत्नी थी। पहली पत्नी से हुए बेटे पवन कुमार और उसकी पत्नी का अनिता देवी के साथ संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। पवन पूरी संपत्ति अपने नाम करवाने पर अड़ा हुआ था, जबकि अनिता देवी सभी बच्चों में बराबर हिस्सेदारी चाहती थी। घटना कोढ़ा थाना क्षेत्र की है।
मेरे घर पहुंचने के 5 मिनट पहले बेटे ने की थी मारपीट- पति
मृतका के पति उदय दास ने बताया कि मेरे घर लौटने से महज 5 मिनट पहले वारदात हुई। संपत्ति विवाद में मेरी पहली पत्नी के बेटे पवन कुमार और उसकी पत्नी ने मिलकर अनिता देवी के साथ बेरहमी से मारपीट की। घटना के तुरंत बाद परिजन अनिता देवी को इलाज के लिए पहले गेड़ाबारी कोढ़ा स्थित स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां से उन्हें पूर्णिया सदर अस्पताल और बाद में लाइन बाजार स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
निजी अस्पताल में उनका ऑपरेशन भी हुआ, लेकिन सिर पर लगी गंभीर चोटों के कारण जान नहीं बची। आरोपी फरार, पुलिस कर रही छापेमारी
पत्नी की मौत के बाद पति उदय दास शव को लेकर जीएमसीएच पूर्णिया पहुंचे। घटना के संबंध में संबंधित थाने में आरोपी बेटे पवन कुमार और अन्य के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया । जीएमसीएच टीओपी (TOP) पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कागजी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
घटना के बाद से ही आरोपी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।

