![]()
शेखपुरा में श्रावणी मेले में श्रद्धालुओं की सुगमता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन मुस्तैद हो गया है। गुरुवार को जिला पदाधिकारी शेखर आनंद ने अधिकारियों के साथ बरबीघा प्रखंड के कुसेढ़ी पंचवदन स्थान और शेखपुरा स्थित गिरिहिंडा पहाड़ पर बाबा कामेश्वर नाथ मंदिर का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान, जिलाधिकारी ने श्रावणी मेले में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए अधिकारियों को सभी तैयारियां समय पर और दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में शिवभक्त और श्रद्धालु जल चढ़ाने तथा दर्शन-पूजन के लिए यहां आते हैं, इसलिए उनकी सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। देखें, मौके से आई तस्वीरें… भीड़ नियंत्रण के लिए जगह-जगह ड्रॉप गेट लगाएं जिलाधिकारी ने शुद्ध पेयजल, साफ-सुथरे शौचालयों की पर्याप्त व्यवस्था, मंदिर प्रांगण और पहुंच मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। भीड़ नियंत्रण के लिए जगह-जगह ड्रॉप गेट लगाने और वाहनों के सुचारू आवागमन तथा जाम से निपटने के लिए व्यवस्थित पार्किंग स्थल निर्धारित करने को भी कहा गया। सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में, जिलाधिकारी ने बताया कि अनुमंडल अधिकारी प्रियंका कुमारी द्वारा मेले के लिए दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति कर दी गई है। नए झूले और खेल-कूद के सामान लगाएं पर्यटन और बच्चों के मनोरंजन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से, जिलाधिकारी ने गिरिहिंडा पहाड़ स्थित पार्क का भी जायजा लिया। उन्होंने नगर कार्यपालक पदाधिकारी को पार्क को और अधिक सुंदर तथा आकर्षक बनाने के निर्देश दिए। बच्चों के लिए नए झूले और खेल-कूद के सामान लगाने को भी कहा गया, ताकि श्रद्धालु और बच्चे दोनों इसका आनंद ले सकें। इस निरीक्षण के अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी प्रियंका कुमारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डॉ. राकेश कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचलाधिकारी शेखपुरा एवं बरबीघा सहित जिला प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासनिक टीम ने आश्वस्त किया है कि श्रद्धालुओं की भक्ति यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए सभी तैयारियाँ समय से पूरी कर ली जाएँगी।


