![]()
लातेहार में सीएम ऑफ एक्सीलेंस बालिका विद्यालय की लगभग 100 छात्राओं ने विद्यालय प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। छात्राओं ने प्राचार्य ज्योति ज्योत्सना और शिक्षिका अन्नपूर्णा कुमारी पर दुर्व्यवहार, मानसिक प्रताड़ना और शैक्षणिक अव्यवस्था का गंभीर आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। उन्होंने गुरुवार को उपायुक्त संदीप कुमार को एक आवेदन सौंपा। आठवीं, नौवीं, दसवीं और बारहवीं कक्षा की छात्राओं ने बताया कि विद्यालय में लंबे समय से पढ़ाई का माहौल खराब है। नियमित और गुणवत्तापूर्ण पढ़ाई नहीं होती, जिससे उनकी आगामी परीक्षाएं प्रभावित हो रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कौशल विकास विषय की पुस्तक उपलब्ध कराए बिना ही परीक्षा ले ली गई और कई छात्राओं को कॉपी-किताबें भी समय पर नहीं मिलीं। स्कूल से निकालने और चप्पल से मारने तक की धमकी दी जाती है छात्राओं के अनुसार, जब वे अपनी समस्याओं की शिकायत करती हैं, तो समाधान के बजाय उन्हें डांटा-फटकारा जाता है। उन्हें स्कूल से निकालने और चप्पल से मारने तक की धमकी दी जाती है। छात्राओं ने छात्रावास और विद्यालय में मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता पर भी गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने बताया कि कई बार खाने में कीड़े मिलने की शिकायत की गई, लेकिन इस पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। करीना कुमारी, अंजली कुमारी, विद्या कुमारी, गोरी कुमारी, मीरा कुमारी और पिहू कुमारी सहित अन्य छात्राओं ने बताया कि यह समस्या एक-दो महीने की नहीं, बल्कि काफी समय से चली आ रही है। इससे उनकी पढ़ाई और मानसिक स्थिति दोनों प्रभावित हो रही है। आवेदन पत्र को छीनने का प्रयास किया छात्राओं ने विद्यालय की प्राचार्य को तत्काल हटाने की मांग की और कहा कि जब तक उचित कार्रवाई नहीं होगी, उनकी समस्याओं का समाधान संभव नहीं है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जब वे उपायुक्त से मिलने जा रही थीं, तब शिक्षिका अन्नपूर्णा कुमारी ने रास्ते में उनके आवेदन पत्र को छीनने का प्रयास किया, जिससे उनका आक्रोश और बढ़ गया। इसके बावजूद, छात्राओं ने हिम्मत नहीं हारी और प्रतिनिधिमंडल के माध्यम से उपायुक्त से मिलकर अपनी पूरी बात रखी। घटना की जानकारी मिलने पर जिला शिक्षा पदाधिकारी गौतम कुमार साहू और डीएसई ऋषिकेश कुमार समाहरणालय पहुंचे तथा छात्राओं से पूरे मामले की जानकारी ली। इसके बाद छात्राओं के प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त संदीप कुमार से मुलाकात कर अपनी शिकायत दर्ज कराई। उपायुक्त संदीप कुमार ने छात्राओं को आश्वस्त किया कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी। वहीं जिला शिक्षा पदाधिकारी गौतम कुमार साहू ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच चल रही है। छात्राओं द्वारा लगाए गए नए आरोपों को भी जांच में शामिल किया जाएगा और दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
