Friday, July 31, 2026

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

विपिन सर को खान सर ने बताया 'फर्जी मुखिया':मैथ्स गुरू बोले-पहले अपना आधार कार्ड दिखाएं; दोस्ती से विवाद तक, जानिए गोलीकांड से क्यों बदले रिश्ते


खान सर और रोशन आनंद के बीच हुए विवाद में अगर किसी तीसरे शिक्षक की सबसे ज्यादा चर्चा हुई तो वह हैं विपिन सर उर्फ विपिन कुमार यादव की। इन्हें छात्र ‘मैथ्स गुरु’ के नाम से भी जानते हैं। वैशाली जिले की सलहा पंचायत के मुखिया विपिन सर वही शख्स हैं, जिन्होंने सबसे पहले खान सर पर फर्जी RO और फर्जी इनकम टैक्स ऑफिसर बनाने का आरोप लगाया था। इसके बाद विवाद लगातार बढ़ता गया और दोनों के बीच वर्षों पुरानी दोस्ती भी टूट गई। हाल ही में एक पॉडकास्ट में खान सर ने कहा था कि “फर्जी RO और इनकम टैक्स ऑफिसर की बात तो हुई, लेकिन फर्जी मुखिया का जिक्र नहीं हुआ, वो भी हमने ही बनाया था।” इस बयान के बाद विवाद फिर गरमा गया। कोचिंग विवाद, प्रिंस यादव की मौत, फर्जी आधार कार्ड, रिजल्ट के दावे और यूट्यूब स्ट्राइक जैसे तमाम आरोपों पर दैनिक भास्कर ने विपिन सर से विस्तार से बातचीत की। पढ़िए बातचीत के प्रमुख अंश… सवाल: आप खान सर से इतने नाराज क्यों हैं? जबकि कभी आप दोनों के रिश्ते काफी अच्छे थे और पंचायत चुनाव में भी उन्होंने आपका समर्थन किया था। जवाब: खान सर बहुत बड़े फर्जी आदमी हैं। वह दिन-रात कहानियां बनाते हैं। बच्चों के प्यार ने उन्हें बड़ा शिक्षक बनाया, लेकिन उनकी वजह से प्रिंस यादव की जान चली गई। अगर वह झूठ नहीं बोलते तो प्रिंस नेपाल नहीं जाता और रोशन आनंद को जेल नहीं होती। अगर मान भी लें कि प्रिंस की मौत डिप्रेशन से हुई, तब भी इस पूरे विवाद को उससे अलग नहीं किया जा सकता। सवाल: आप खान सर को झूठा किस आधार पर बताते हैं? जवाब: खान ने अलग-अलग मंचों पर अलग-अलग दावे किए। एक समय उनकी कोचिंग पर बम चला था, जिसके बाद एक जगह तीन बम, दूसरी जगह सात-आठ बम और फिर नौ-दस बम चलने की बात कही। इसी तरह गोलीकांड में भी पहले 8-9 राउंड फायरिंग की बात कही, जबकि बाद में सबके सामने पूरा मामला स्पष्ट हो गया। हर इंटरव्यू में कहानी बदल जाती है। इससे बिहार की छवि खराब हुई। सवाल: आप बातचीत के दौरान बार-बार अपना आधार कार्ड क्यों दिखा रहे हैं? जवाब: यह आधार कार्ड पूरे देश में वैध पहचान है। मेरा नाम इसमें साफ लिखा है। मैं इसे कहीं भी दिखा सकता हूं, लेकिन खान नहीं दिखा सकते। सवाल: आपके पास जो दस्तावेज हैं, उनमें क्या है? जवाब: खान ने इस FIR को सब जगह दिखाया कि इसी वजह से प्रिंस नेपाल गया, लेकिन FIR की कॉपी से पहले पूरी सच्चाई देखनी चाहिए। प्रिंस पर पहले से मामला दर्ज था। पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। यह बातें कही गई। सवाल: खान सर और रोशन आनंद दोनों ने अपने-अपने रिजल्ट को लेकर बड़े दावे किए। आप इसे कैसे देखते हैं? जवाब: बिहार पुलिस रिजल्ट की चर्चा नहीं हो रही थी, इसलिए पूरा गोलीकांड खड़ा कर दिया गया। फिर कहा गया कि हमने सबसे ज्यादा रिजल्ट दिया, इसलिए हमारे साथ ऐसा हुआ। अगर इतने छात्रों का चयन हुआ है तो रोल नंबर सार्वजनिक कर देना चाहिए। सिर्फ दावा करने से बात नहीं बनती। खान सर सम्मान समारोह वाले दिन पुलिस की वर्दी सिलवाकर कोचिंग में रख दी जाती है। कोई भी जाकर फोटो खिंचवा सकता है। अगर रिजल्ट इतना बड़ा है तो उसका पूरा रिकॉर्ड सार्वजनिक होना चाहिए। खान को बच्चों से कोई मतलब नहीं है। जब दिल्ली में NEET छात्रों पर लाठीचार्ज हो रहा था, उस समय ये छात्रों के साथ डांस करते हुए वीडियो बना रहे थे। सवाल: खान सर ने एक पॉडकास्ट में कहा कि फर्जी RO और इनकम टैक्स ऑफिसर के साथ-साथ फर्जी मुखिया भी हमने बनाया था। इस पर आपका क्या कहना है? जवाब: खान ने कहा कि आर्केस्ट्रा में नाच करने वाले को हमने मुखिया बना दिया, लेकिन मैंने कभी ऐसा काम नहीं किया। अगर किसी में गाने या अभिनय की कला है तो इसमें गलत क्या है? बिहार और पूर्वांचल की लोक संस्कृति में यह वर्षों से चली आ रही परंपरा है। मुखिया जनता के वोट से बनता है। अगर खान सर कहते हैं कि उन्होंने मुझे मुखिया बनाया तो पहले बताएं कि उन्होंने मेरे पंचायत चुनाव में वोट कैसे डाला? वह दूसरे राज्य के रहने वाले हैं, यहां वोट नहीं डाल सकते। सवाल: आपके यूट्यूब चैनल पर लगातार स्ट्राइक आ रही हैं। क्या इससे दबाव महसूस होता है? जवाब: हम स्ट्राइक से डरने वाले नहीं हैं। पहले 19 स्ट्राइक आई थीं, बाद में फिर 5 स्ट्राइक आया। इन्हें मैंने यूट्यूब से संपर्क कर हटवा दिया। अब फिर पांच स्ट्राइक आई हैं। मुझे लगता है कि मेरे चैनल को हटाने की कोशिश हो रही है। लेकिन मैं पीछे हटने वाला नहीं हूं। मैंने उनसे कहा है कि जितना दम है लगा लो, मैं अकेला ही मुकाबला करूंगा।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles