Friday, July 31, 2026

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

दरभंगा शहर के कई वार्डों में कचरे का उठाव प्रभावित:नगर निगम कर्मियों की हड़ताल दूसरे दिन भी जारी, सफाई व्यवस्था ठप; कई पार्षदों ने दिया समर्थन


दरभंगा नगर निगम कर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल शुक्रवार को दूसरे दिन भी जारी रही। अपनी विभिन्न मांगों को लेकर कर्मचारी नगर निगम परिसर में धरने पर डटे रहे और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ये हड़ताल बिहार लोकल बॉडीज इम्प्लाइज फेडरेशन एवं बिहार राज्य स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ के संयुक्त मोर्चा के आह्वान पर किया जा रहा है। हड़ताल का सबसे अधिक असर शहर की सफाई व्यवस्था पर देखने को मिला। नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में कचरे का उठाव पूरी तरह ठप रहने से सड़क, चौक-चौराहों और मोहल्लों में गंदगी का अंबार लग गया। इससे स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा और लोगों ने जल्द समाधान की मांग की। धरना स्थल पर पहुंचे कई पार्षद, आंदोलन को बताया जायज धरना स्थल पर दूसरे दिन कई वार्ड पार्षद भी पहुंचे और हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों का समर्थन किया। पार्षदों ने कर्मचारियों की मांगों को न्यायोचित बताते हुए राज्य सरकार एवं नगर विकास एवं आवास विभाग से शीघ्र सकारात्मक पहल करने की अपील की। समर्थन देने वालों में वार्ड-21 के पार्षद नवीन सिन्हा, वार्ड-45 के पार्षद कोमल झा, वार्ड-46 के पार्षद राजू पासवान, वार्ड-44 के पार्षद चौधरी जी, वार्ड पार्षद चांदनी देवी सहित कई अन्य पुरुष एवं महिला पार्षद शामिल रहे। जब तक मांगों पर ठोस निर्णय नहीं, अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगी धरने को संबोधित करते हुए संयुक्त मोर्चा के नेताओं ने कहा कि यह आंदोलन केवल दरभंगा तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे बिहार के स्थानीय निकाय कर्मचारी अपनी लंबित मांगों को लेकर एकजुट होकर आंदोलन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब तक सरकार उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लेती, तब तक अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगी। ये हैं कर्मचारियों की प्रमुख मांगें हड़ताली कर्मचारियों ने बताया कि उनकी प्रमुख मांगों में वर्षों से कार्यरत दैनिक, संविदा, आउटसोर्स एवं ठेका कर्मियों का नियमितीकरण, ठेका प्रथा की समाप्ति तथा समान कार्य के लिए समान वेतन लागू करना शामिल है। उनका कहना है कि लंबे समय से वे कम वेतन और असुरक्षित सेवा शर्तों के बीच कार्य कर रहे हैं, लेकिन अब अपने अधिकारों के लिए निर्णायक लड़ाई लड़ रहे हैं। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार जल्द वार्ता कर उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा। वहीं, शहरवासियों ने भी प्रशासन और सरकार से जल्द समाधान निकालने की मांग की है, ताकि नगर निगम क्षेत्र में सफाई व्यवस्था सामान्य हो सके और लोगों को गंदगी से राहत मिल सके।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles