![]()
कटिहार में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने और पुलिस कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक परिचय कुमार ने अमदाबाद थाना का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना के विभिन्न अभिलेखों, रजिस्टरों और प्रशासनिक कार्यों की गहन समीक्षा की। साथ ही, अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था बनाए रखने और आम लोगों को बेहतर पुलिस सेवा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने सर्वप्रथम थाना के ओ.डी. (ऑर्डरली ड्यूटी) रजिस्टर का अवलोकन किया और उसके रखरखाव की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों एवं रिकॉर्ड का भी निरीक्षण किया। पुलिस गतिविधियों की हुई समीक्षा एसपी ने संबंधित पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को सभी सरकारी अभिलेखों का नियमित और अद्यतन संधारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि आवश्यकता पड़ने पर सभी रिकॉर्ड सुव्यवस्थित रूप से उपलब्ध हों। निरीक्षण में थाना क्षेत्र की वर्तमान कानून-व्यवस्था, लंबित मामलों की स्थिति, अपराध नियंत्रण की रणनीति, रात्रि गश्ती, वारंट और कुर्की-जब्ती की कार्रवाई सहित अन्य पुलिस गतिविधियों की भी समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि क्षेत्र में अपराधियों पर लगातार निगरानी रखी जाए और किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए। जनता की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता एसपी ने जोर दिया कि आम जनता की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने थाना क्षेत्र में नियमित गश्ती बढ़ाने, संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने और शिकायत लेकर आने वाले लोगों के साथ संवेदनशील तथा सम्मानजनक व्यवहार करने के निर्देश दिए। पुलिसकर्मियों को फरियादियों की शिकायतों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी सतर्कता व जिम्मेदारी से कार्य करने को कहा गया। निरीक्षण के अंत में, पुलिस अधीक्षक ने थाना पदाधिकारियों और पुलिसकर्मियों को बेहतर पुलिसिंग, पारदर्शी कार्यशैली तथा जनता के साथ समन्वय स्थापित कर अपराध पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने का निर्देश दिया। इसका उद्देश्य जिले में शांति एवं सुरक्षा का वातावरण कायम रखना है।


