![]()
सहरसा में कोसी प्रक्षेत्र के डीआईजी डॉ. कुमार आशीष के कार्यालय में मधेपुरा के एक परिवार ने स्थानीय पुलिस और अंचल प्रशासन के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। परिवार का आरोप है कि उनकी साढ़े तीन बीघा पैतृक जमीन पर अवैध कब्जा कराने में पुलिस और प्रशासन ने विपक्षियों का साथ दिया है। गलत दस्तावेजों से कब्जा करने का प्रयास यह मामला मधेपुरा जिले के मुरलीगंज थाना क्षेत्र के जीतापुर बरियाही वार्ड संख्या-6 का है। संजू देवी, पत्नी बालेश्वर पासवान, ने डीआईजी को दिए आवेदन में बताया कि मौजा जीतापुर बरियाही के खाता संख्या-146 और खेसरा संख्या 1336, 1337, 1338, 1345 की कुल साढ़े तीन बीघा पैतृक जमीन पर कुछ लोग गलत दस्तावेजों के आधार पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। 10-15 अज्ञात व्यक्ति ट्रैक्टर से जमीन की जुताई को पहुंचे शिकायत के अनुसार, 29 जुलाई को अजय यादव, विजय यादव, रामजस यादव, संतोष यादव, दिनेश मंडल, बजरंगी मंडल सहित 13 नामजद और 10-15 अज्ञात व्यक्ति ट्रैक्टर और घातक हथियारों के साथ जमीन पर पहुंचे। उन्होंने जबरन जुताई शुरू कर दी। परिवार ने आरोप लगाया है कि इस दौरान स्थानीय पुलिस मौके पर मौजूद थी, लेकिन उसने कोई कार्रवाई नहीं की और मूकदर्शक बनी रही। विरोध करने पर गाली-गलौज, महिलाओं से धक्का-मुक्की जब परिवार के सदस्यों ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज की, महिलाओं से धक्का-मुक्की की और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर अपमानित किया। संजू देवी ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों से मदद मांगने पर उन्हें ही फटकार लगाई गई। सबसे गंभीर आरोप यह है कि मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने एक वीडियो बनाया है। इस वीडियो में कथित तौर पर विपक्षी पुलिसकर्मियों को पैसे देते हुए दिखाई दे रहे हैं। परिवार ने इस वीडियो को जांच का महत्वपूर्ण आधार बनाने की मांग की है। आवेदन के आधार पर जांच और कार्रवाई होगी संजू देवी ने डीआईजी से मुरलीगंज पुलिस और संबंधित अंचलाधिकारी की भूमिका की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने, अवैध कब्जे के प्रयास को रोकने और परिवार की जान-माल तथा महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने का भी आग्रह किया है। कोसी प्रमंडल के डीआईजी डॉ. कुमार आशीष ने बताया कि यह मामला उनके संज्ञान में आया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि आवेदन के आलोक में जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

