![]()
जमुई के गिद्धौर थाना क्षेत्र में निजुआरा बाईपास पुल के अंतिम छोर पर शनिवार देर शाम एक सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई, जिससे उसका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान जमुई थाना क्षेत्र के गादी बुकार निवासी सन्नी कुमार (26) के रूप में हुई है। इस हादसे में सेवा गांव निवासी आशुतोष कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि दोनों युवक बाइक से अपने घर लौट रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पुल से उतरते समय अंतिम छोर पर बने मोड़ पर बाइक चालक नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद बाइक सीधे डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि सन्नी कुमार की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई, जबकि आशुतोष सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने घायल आशुतोष कुमार को इलाज के लिए दिग्विजय सिंह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉ. श्रद्धा सुमन ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल जमुई रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही गिद्धौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। थानाध्यक्ष राशि मालिक के निर्देश पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। इस हादसे के बाद मृतक सन्नी कुमार के पैतृक गांव गादी बुकार और ननिहाल सेवा गांव में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुल के अंतिम छोर पर बने इस मोड़ पर सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

