![]()
पलामू जिले के नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत पिछुलिया-डगड़गवाटांड़ के जंगल से पुलिस ने 45 वर्षीय एक महिला का शव बरामद किया है। मृतका की पहचान नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के शाहपुर पंचायत स्थित सतबरवा निवासी उमेश यादव की पत्नी लालो देवी के रूप में हुई है। पुलिस को घटनास्थल से शव के पास सल्फास का एक डिब्बा, पानी की बोतल, मोबाइल फोन, पॉलिथीन में रखी लौकी, करेला, भिंडी, सब्जी के बीज और रसगुल्ला बरामद हुआ है। इन साक्ष्यों के आधार पर महिला द्वारा आत्महत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। थाना प्रभारी नीरज कुमार ने बताया कि लालो देवी, उमेश यादव की पहली पत्नी थीं और पिछले कई वर्षों से बिहार के बकरीडीह स्थित अपने मायके में रह रही थीं। कुछ दिन पहले ही वह उमेश के पास ससुराल लौटी थीं। ग्रामीणों के अनुसार, शुक्रवार दोपहर महिला बाजार गई थी। वहां से उसने सब्जी खरीदने के साथ ही सल्फास और रसगुल्ला भी खरीदा था। आशंका है कि बाजार से लौटते समय महिला ने जंगल में रुककर रसगुल्ला के साथ सल्फास का सेवन कर लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। शनिवार को पशु चराने गए लोगों ने जंगल में शव देखा, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है। थाना प्रभारी ने जानकारी दी कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और मृतका के परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि घटना के कारणों का पता चल सके।

