![]()
सिटी रिपोर्टर | बोकारो भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की ओर से शनिवार को जेपीएससी परीक्षा में कथित अनियमितताओं के विरोध में उपायुक्त कार्यालय का घेराव किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिलाध्यक्ष विनोद कुमार ने की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त के माध्यम से महामहिम राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर वर्ष 2019 के बाद हुई जेपीएससी, जेएसएससी, सीजीएल एवं अन्य भर्ती परीक्षाओं की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने तथा भविष्य में पारदर्शी एवं समयबद्ध भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित करने की मांग की। कार्यक्रम में पूर्व विधायक योगेश्वर महतो बाटुल ने कहा कि पेपर लीक और भर्ती घोटालों के जिम्मेदार लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए। युवाओं के साथ हुए अन्याय की भरपाई के लिए सरकार को शीघ्र ठोस कदम उठाने चाहिए। जिलाध्यक्ष विनोद कुमार ने कहा कि झारखंड के लाखों युवा लंबे समय से प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, पेपर लीक, भर्ती प्रक्रिया में विलंब और भ्रष्टाचार के कारण मानसिक, आर्थिक एवं सामाजिक कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता युवा मोर्चा युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेगा। कार्यक्रम में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रोहित लाल सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष जयदेव राय, किसान मोर्चा प्रदेश महामंत्री अर्जुन सिंह, कुमार अमित, कमलेश राय, पूर्व उपमहापौर अविनाश कुमार, जिला महामंत्री रामलाल सोरेन, जिला उपाध्यक्ष विनोद गोराई, अनिल स्वर्णकार, संजय त्यागी, महिला मोर्चा प्रदेश मंत्री अर्चना सिंह, जिला मंत्री मनोज ठाकुर, अशोक पप्पू, धीरज झा, सुभाष चंद्र महतो, एंजेला सिंह, सोनम दुबे, अमर स्वर्णकार, हेमंत शेखर आदि मौजूद थे।

