![]()
दरभंगा में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के क्रियान्वयन और प्रगति की समीक्षा को लेकर सोमवार को समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में योजना से अधिक से अधिक उपभोक्ताओं को जोड़ने और सोलर रूफटॉप संयंत्रों की स्थापना में तेजी लाने पर जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने सभी सहायक विद्युत अभियंताओं, कनीय विद्युत अभियंताओं और अधिकृत वेंडरों को निर्देश दिया कि जिन उपभोक्ताओं की बिजली खपत और विद्युत भार अधिक है। जो योजना में रुचि रखते हैं, उनके घर-घर जाकर योजना की जानकारी दें और सोलर रूफटॉप संयंत्र लगाने के लिए प्रेरित करें। ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर विद्युत विभाग के अभियंता जिले के अधिक बिजली खपत करने वाले उपभोक्ताओं के घरों का लगातार भ्रमण कर रहे हैं। डीएम ने सभी सहायक एवं कनीय विद्युत अभियंताओं को कम से कम 100-100 इच्छुक उपभोक्ताओं की पहचान कर उन्हें आवेदन के लिए तैयार करने का निर्देश दिया। बैठक में जानकारी दी गई कि इच्छुक उपभोक्ता प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के पोर्टल पर आधार संख्या और बिजली बिल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
लोन जल्द स्वीकृति करने के निर्देश जिले में अब तक 566 उपभोक्ताओं के घरों पर रूफटॉप सोलर पैनल स्थापित किए जा चुके हैं। जिलाधिकारी ने सभी अधिकृत वेंडरों को निर्देश दिया कि चिह्नित आवेदकों के बैंक ऋण आवेदन जल्द कराएं। साथ ही सभी बैंकों को भी निर्देशित किया गया कि योजना के तहत प्राप्त लोन आवेदनों का त्वरित निष्पादन करते हुए जल्द स्वीकृति प्रदान करें। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों से योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार और अधिकाधिक उपभोक्ताओं को जोड़ने के लिए सक्रिय रूप से कार्य करने को कहा।
बैठक में ये रहे मौजूद बैठक में विद्युत कार्यपालक अभियंता विकास कुमार, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल (शहरी) के कार्यपालक अभियंता केशव कुमार, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल (ग्रामीण) के कार्यपालक अभियंता अमोद कुमार, बेनीपुर विद्युत आपूर्ति प्रमंडल के पदाधिकारी, सभी सहायक और कनीय विद्युत अभियंता, एलडीएम-अधिकृत वेंडर उपस्थित रहे।


