![]()
किशनगंज शहर के टाउन थाना क्षेत्र से एक 20 वर्षीय युवती लापता हो गई है। युवती घर से बैंक जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लापता युवती की पहचान ढेकसरा निवासी मीनू कुमारी के रूप में हुई है। परिजन के अनुसार, मीनू इंडियन बैंक जाने के लिए घर से निकली थी। बैंक जाने के बाद से उसका मोबाइल फोन भी संपर्क से बाहर आ रहा है। जब मीनू निर्धारित समय पर घर नहीं लौटी, तो परिवार के सदस्यों ने रिश्तेदारों, परिचितों और अन्य संभावित स्थानों पर उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिल सका, जिसके बाद परिजनों ने पुलिस से संपर्क किया। टाउन थाना में गुमशुदगी का मामला दर्ज परिजनों द्वारा दिए गए लिखित आवेदन के आधार पर टाउन थाना में गुमशुदगी का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने युवती की तलाश के लिए जांच तेज कर दी है और उसके संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में भी उसकी तलाश कर रही है और तकनीकी माध्यमों की मदद भी ले रही है। सदर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है और युवती की बरामदगी के लिए सभी आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, परिजन मीनू की सकुशल वापसी की उम्मीद कर रहे हैं और आम जनता से भी किसी भी जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचित करने की अपील की है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

