![]()
मुजफ्फरपुर में मंगलवार को रेड लाइट एरिया में एक डांसर की लाश उसके कमरे में फंदे से लटकी मिली। युवती की पहचान 22 साल की सारिका पाल उर्फ मुस्कान के रूप में हुई है। पिछले 5 साल से मुजफ्फरपुर में रह रही थी। घटना की जानकारी तब हुई, जब मकान के ग्राउंड फ्लोर पर रहने वाली एक महिला सारिका के कमरे में पहुंची। महिला ने आवाज लगाई, लेकिन दरवाजा नहीं खुला। फिर महिला ने धक्का देकर दरवाजा खोला तो देखा सारिका फंदे से लटकी है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। बताया जा रहा है कि जिस मकान में डांसर की बॉडी मिली है, वहां वो पिछले करीब एक महीने से रह रही थी। घटना नगर थाना क्षेत्र के शुक्ला रोड की है। महिला मुस्कान ने बताया कि रामबाग का गौतम नामक एक युवक सारिका के घर आता जाता था। वह यहां रुकता भी था, लेकिन तीन चार दिनों से वो नहीं आया है। अब सिलसिलेवार तरीके से जानिए पूरा मामला मृतका की लाश को देखने वाली असगरी मुस्कान ने बताया कि सारिका मूल रूप से लखनऊ की रहने वाली थी। मैंने ही एक महीना पहले उसे 3000 रुपए पर किराए का कमरा दिलाया था। सुबह करीब 11 बजे झाड़ू पोछा करके ऊपर में गए तो देखे कि कमरा बंद है। फिर मैंने सारिका को आवाज लगाई, लेकिन दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद दरवाजा को धक्का देकर खोला तो अंदर फंदे से लटकी दिखी। मामले की जानकारी आसपास के लोगों को दी। स्थानीय लोगों की मदद से फंदे से बॉडी उतारी, तब तक वो दम तोड़ चुकी थी। गौतम नामक युवक के साथ रहती थी महिला ने बताया कि रामबाग के रहने वाले गौतम के साथ सारिका इस कमरे में रहती थी। गौतम पिछले तीन-चार दिनों से यहां नहीं आया है। लड़के से लड़ाई हुई थी या फिर क्या हुआ था, ये मुझे पता नहीं है। सारिका को मैंने कमरा जरूर दिलाया था, लेकिन ज्यादा बात नहीं होती थी। वो डांस करके अपना गुजारा करती थी। मकान रुकसाना नामक महिला का है। उसमें हम भी किराएदार है। टाउन डीएसपी-1 बोले- FSL की मदद से की जा रही जांच टाउन डीएसपी-1 सुरेश कुमार ने बताया कि लखनऊ की रहने वाली सारिका नामक लड़की के आत्महत्या करने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए FSL टीम को बुलाया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और FSL जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
