![]()
खगड़िया के गोगरी अनुमंडल कार्यालय में गुरुवार को अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) संजय कुमार की अध्यक्षता में बिजली आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा बैठक हुई। इस बैठक में बिजली विभाग के अधिकारियों और सभी प्रखंडों के कनीय विद्युत अभियंताओं (जेई) ने हिस्सा लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करना और उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित समाधान करना था। एसडीएम संजय कुमार ने बिजली विभाग के एसडीओ और जेई को स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बिना पूर्व सूचना के 10 मिनट से अधिक समय तक बिजली आपूर्ति बाधित नहीं होनी चाहिए। लो-वोल्टेज और बिजली कटने से लोग परेशान यदि अनावश्यक बिजली कटौती की शिकायत मिलती है, तो संबंधित जेई और जिम्मेदार कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम ने बताया कि अनुमंडल क्षेत्र से लगातार लो-वोल्टेज, बार-बार बिजली कटने और फॉल्ट के कारण लंबी अवधि तक आपूर्ति बाधित रहने की शिकायतें मिल रही हैं। गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराना प्राथमिकता उन्होंने इसे गंभीर मुद्दा बताते हुए कहा कि उपभोक्ताओं को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। सभी अधिकारियों को पूरी जवाबदेही के साथ काम करना होगा। बिजली विभाग के अधिकारियों ने बैठक में जानकारी दी कि बिजली लाइनों के पास पेड़ों और बांस की टहनियां फॉल्ट का मुख्य कारण बन रही हैं। तेज हवा या बारिश में टहनियां तारों के संपर्क में आने से आपूर्ति बाधित होती है और फॉल्ट का पता लगाने में समय लगता है। इस पर एसडीएम ने निर्देश दिया कि बिजली लाइनों के आसपास पेड़ों और बांस की टहनियों की समयबद्ध छंटाई कराई जाए। इससे फॉल्ट की घटनाओं में कमी आएगी और उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली मिल सकेगी। बिजली आपूर्ति बाधित होने पर जेई से संपर्क करें एसडीएम संजय कुमार ने आम उपभोक्ताओं से भी अपील की कि बिजली आपूर्ति बाधित होने पर सबसे पहले संबंधित जेई या विभागीय कर्मियों से संपर्क करें। यदि समय पर समस्या का समाधान नहीं होता है या सही जानकारी उपलब्ध नहीं कराई जाती है, तो इसकी सूचना अनुमंडल प्रशासन को दें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में सहायक विद्युत अभियंता विपिन कुमार विजेता, गोगरी के कनीय विद्युत अभियंता ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह, परबत्ता के जेई विजय कुमार, बेलदौर के जेई भागीरथ झा सहित बिजली विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

