![]()
बोकारो के कसमार थाना क्षेत्र के दांत गांव में एक घर में दूसरी बार बड़ी चोरी हुई है। चोरों ने लगभग एक करोड़ रुपये मूल्य की नकदी, सोने-चांदी के जेवर, कीमती बर्तन और सीसीटीवी सिस्टम चुरा लिया। पीड़ित परिवार ने पुलिस से जल्द एफआईआर दर्ज कर चोरों की गिरफ्तारी और चोरी हुए सामान की बरामदगी की मांग की है। बारिश के कारण रात में घर नहीं लौट सके पीड़ित कैलाश कुमार नायक ने कसमार थाना में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 5 अगस्त की सुबह वह अपनी पत्नी के साथ चिड़िया गांव स्थित रिश्तेदारी में गए थे। भारी बारिश के कारण वे रात में घर नहीं लौट सके। 6 अगस्त की सुबह जब उन्होंने मोबाइल से घर का सीसीटीवी कैमरा देखा, तो सभी कैमरे ऑफलाइन मिले। आशंका होने पर नायक तुरंत घर पहुंचे। उन्होंने पाया कि बाहर का मुख्य गेट और ताला सही-सलामत था, लेकिन घर के अंदर प्रवेश करने पर सभी कमरों के ताले टूटे हुए थे और सामान बिखरा पड़ा था। चोरों ने घर से 54,260 रुपए नकद, लगभग एक किलो सोने के आभूषण, करीब 10 किलो पुश्तैनी चांदी के जेवर, कांसा-पीतल के बर्तन, सीपी प्लस एनवीआर, तीन वाई-फाई कैमरे, जियो सेट-टॉप बॉक्स, मोबाइल चार्जर और कंप्यूटर मॉनिटर एडॉप्टर सहित अन्य कीमती सामान चुरा लिया। चोर अपने साथ सीसीटीवी रिकॉर्डिंग सिस्टम भी ले गए, जिससे पुलिस के लिए जांच में चुनौती बढ़ गई है। दूसरी बार हुई इस घटना से ग्रामीण चिंतित पीड़ित ने बताया कि उनके घर में 13 सितंबर 2025 को भी चोरी हुई थी, जिसकी सूचना पुलिस को दी गई थी। दूसरी बार हुई इस घटना से ग्रामीण चिंतित हैं। लोगों ने पुलिस से इलाके में रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरों के गिरोह का जल्द खुलासा करने की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

