![]()
भास्कर न्यूज | चतरा चतरा शहर की लाइफलाइन मानी जाने वाली चतरा बाइपास सड़क इन दिनों अपनी बदहाली पर आंसू बहा रही है। बस स्टैंड से लेकर हेरु मोड़ तक करीब दो किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर सैकड़ों स्थानों पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। कई गड्ढों की गहराई एक-एक फीट तक पहुंच चुकी है, जिससे इस सड़क पर चलना किसी जोखिम से कम नहीं रह गया है। हल्की बारिश के बाद गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता और वाहन चालक आए दिन दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। यह बाइपास सड़क शहर के साथ-साथ जिले के विभिन्न प्रखंडों और दूसरे जिलों को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है। प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहन, यात्री बसें, एंबुलेंस, स्कूली वाहन, ट्रक और दोपहिया वाहन इसी रास्ते से गुजरते हैं। बावजूद इस सड़क की मरम्मत को लेकर संबंधित विभाग की उदासीनता लोगों में नाराजगी का कारण बनी हुई है।
यह बाइपास सड़क शहर के कई महत्वपूर्ण इलाकों, समाहरणालय, कचहरी, विकास भवन, अस्पतालों, शैक्षणिक संस्थानों और बाहरी क्षेत्रों को जोड़ती है। आपातकालीन सेवाओं के लिए भी यह मार्ग काफी महत्वपूर्ण है। ऐसे में इसकी बदहाल स्थिति आम लोगों के साथ-साथ मरीजों और एंबुलेंस की आवाजाही के लिए भी परेशानी का कारण बन रही है। लोगों ने जिला प्रशासन से अविलंब सड़क की मरम्मत कराने, गड्ढों को भरने और जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने की मांग की है। गड्ढों से बचते हुए वाहन चालकों को बेहद धीमी गति से वाहन चलाना पड़ता है। इससे जाम जैसी स्थिति बन जाती है और लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में सामान्य दिनों की तुलना में अधिक समय लग रहा है। रात के समय यह सड़क और भी खतरनाक हो जाती है क्योंकि कई गड्ढे दिखाई नहीं देते। लगभग दो किलोमीटर के इस बाइपास सड़क को पार करने में आधे घंटे से भी अधिक का समय लग रहा है। बाइपास सड़क की इस दुर्दशा से लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। लोगों का कहना है कि कई बार जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभाग का ध्यान इस ओर आकर्षित कराया गया, लेकिन अब तक सड़क की मरम्मत नहीं कराया गया। बाइपास सड़क निर्माण व मरम्मत के नाम पर जनप्रतिनिधियों ने भी मौण धारण कर लिया है।स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण रोजाना बाइक और साइकिल सवार दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। बारिश के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है।


