![]()
गयाजी में पति ने पत्नी की हत्या कर दी। धारदार ब्लेड से गले पर वार किया, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद पति ने अपने दोनों हाथ की नस काट ली, हालत गंभीर बनी हुई है। मृतका की पहचान फेंकनी देवी(30) के तौर पर हुई है। घायल पति मनोज कुमार(35) को इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में एडमिट कराया गया है। घायल सटे मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बाराडीह गांव की है। दरवाजा नहीं खुला तो छोटे बेटे को वेंटिलेटर से अंदर भेजा मृतका के बड़े बेटे नीतीश कुमार ने बताया कि गांव में हमारा 2 घर है। दोनों आसपास ही है। एक घर में बच्चे और दादी सोते हैं, दूसरे में मेरे मम्मी-पापा सोते थे। शनिवार की रात सभी ने दूसरे घर में खाना खाया। इसके बाद अपने-अपने कमरे में सोने चले गये। रविवार सुबह दूसरे घर पर सो रहे मम्मी-पापा को जगाना पहुंचा। दरवाजा नॉक करने पर कोई जवाब नहीं मिला, काफी देर तक इंतजार किया। शोर मचाने के बाद भी दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद छोटे भाई आजाद(12) को वेंटिलेटर के रास्ते घर के अंदर भेजा। आजाद ने अंदर से दरवाजा खोला। इसके बाद दोनों भाई कमरे में पहुंचे। अंदर का सीन देखकर होश उड़ गए। दोनों खून से लथपथ पड़े थे। पिताजी दर्द से कराह रहे थे, जबकि मां की सांसें थम चुकी थी। ब्लेड से हमला, पति के दोनों हाथ की नसें कटी मुफस्सिल थाना के पुलिस इंस्पेक्टर देवराज इंद्र ने बताया कि प्रारंभिक जांच में ब्लेड से वारदात को अंजाम देने की बात सामने आई है। मनोज के दोनों हाथ की नसें कटी हुई थी। फेंकनी देवी का गला कटा हुआ था। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर बंद कमरे के अंदर रात में क्या हुआ था। पति के पैर टूटने के बाद पत्नी करने लगी थी मजदूरी नीतीश ने बताया कि पिताजी पहले राजमिस्त्री का काम करते थे। पिछले साल दिसंबर में उनकी एक पैर टूट गई थी। इसके बाद वह काम करने में सक्षम नहीं थे। घर की आर्थिक स्थिति खराब होने लगी थी। दवा और घर का खर्च चलाना मुश्किल हो गया। इसके बाद मां मजदूरी करने लगी। मजदूरी से मिलने वाले पैसे से दवा और किसी तरह से घर का खर्च चल रहा था। हम तीन भाई हैं, तीनों पढ़ाई कर रहे हैं। बहन काजल की शादी हो चुकी है। सावन में मायके आई हुई थी। मजदूरी करने को लेकर अक्सर होता था विवाद नीतीश के मुताबिक फेंकनी देवी का मजदूरी करना मनोज को पसंद नहीं था। इसे लेकर दोनों के बीच अक्सर कहासुनी होती थी। हालांकि शनिवार की रात दोनों के बीच क्या हुआ, इसकी जानकारी परिवार के किसी सदस्य को नहीं है। पुलिस इस बिंदु को भी जांच में शामिल कर रही है। दोनों सौतेले भाई, दोनों की मां सगी बहन मनोज कुमार की पारिवारिक कहानी भी काफी अलग है। उसके पिता रामचंद्र प्रसाद ने दो शादी की थी। मनोज पहली पत्नी से जन्मा था। उसके दो अन्य भाई दूसरी पत्नी से है। मनोज की मां और उसके दोनों भाइयों की मां सगी बहनें हैं। पुलिस घटना की जांच के साथ परिवार के आपसी संबंधों और विवाद के पहलुओं को भी खंगाल रही है।

