![]()
मनोहरपुर थाना क्षेत्र के मनीपुर गांव के पास शनिवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में ग्रामीण चिकित्सक प्रह्लाद महतो (45) की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, लौह-अयस्क लदे तेज रफ्तार हाईवा ने बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक अनियंत्रित हो गई। बाइक में पीछे बैठे प्रह्लाद महतो सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान हाईवा का पहिया उनके सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे वे बुरी तरह कुचल गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। मृतक ढीपा गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। वह बचमगुटू गांव से बाइक पर लिफ्ट लेकर मनोहरपुर की ओर लौट रहे थे। एनएच-320डी पर शव रखकर किया जाम हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने शव को सड़क पर रखकर एनएच-320डी को पूरी तरह जाम कर दिया। ग्रामीण तत्काल मुआवजा और लिखित आश्वासन की मांग कर रहे थे। सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। खासकर भारी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई। करीब आठ घंटे तक चले इस जाम के दौरान यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल भी मौके पर तैनात किया गया। ढाई लाख मुआवजा पर खत्म हुआ जाम घटना की सूचना पर मनोहरपुर के बीडीओ और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से वार्ता शुरू की। हालांकि शुरुआत में ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे और जाम हटाने से इनकार कर दिया। काफी देर तक चली बातचीत और समझाइश के बाद आखिरकार रात करीब 2 बजे सहमति बनी। प्रशासन की ओर से तत्काल ढाई लाख रुपए मुआवजा देने और अन्य मांगों पर लिखित समझौता करने का आश्वासन दिया गया। इसके बाद परिजन और ग्रामीण सड़क से हटे और जाम समाप्त हुआ। जाम हटने के बाद एनएच-320डी पर यातायात सामान्य हो सका।

