![]()
सहरसा सदर थाना क्षेत्र के कचहरी ढाला स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर के पास ‘अशोक किराना एवं जनरल स्टोर’ में चोरी की एक बड़ी वारदात हुई है। चोरों ने दुकान की छत और पिछला दरवाजा तोड़कर गल्ले में रखी नकदी सहित लाखों रुपये का सामान चुरा लिया। चोरी की गई संपत्ति का अनुमानित मूल्य 4 लाख 20 हजार रुपये से अधिक बताया जा रहा है। मंगलवार को सीसीटीवी फुटेज सामने आया है जिसमें चोर का चेहरा सामने आया है। नोटों की गड्डियां और सिक्कों के थैले ले गए चोर यह घटना 9 अगस्त की देर रात लगभग 12:30 बजे से 2:00 बजे के बीच हुई। दुकान मालिक अशोक कुमार चौधरी (निवासी- सरस्वती नगर, वार्ड नं. 06) को पड़ोसी से सूचना मिलने पर जब उन्होंने दुकान खोली, तो पाया कि छत टूटी हुई थी, पिछला दरवाजा खुला था और दुकान के अंदर सामान बिखरा पड़ा था। दुकानदार के अनुसार, चोर गल्ले से लगभग 28,000 रुपये से अधिक के नोटों की गड्डियां और सिक्कों के थैले ले गए। इसके अतिरिक्त, शैम्पू, बेबी ऑयल, हेयर ऑयल, काजू, खजूर, अखरोट, विभिन्न प्रकार के मसाले, बिस्कुट और अन्य महंगे एफएमसीजी उत्पाद सहित लगभग 3,80,000 रुपये का सामान भी चोरी हुआ है। कुल मिलाकर, दुकानदार को 4,20,000 रुपये से अधिक का आर्थिक नुकसान हुआ है। चोर का चेहरा सीसीटीवी फुटेज में रिकॉर्ड चोरों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे को क्षतिग्रस्त कर दिया और उसकी दिशा बदल दी। हालांकि, इस दौरान एक चोर का चेहरा सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गया है, जिसके आधार पर पुलिस उसकी तलाश कर रही है। घटना के संबंध में दुकानदार अशोक कुमार चौधरी ने सदर थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। सहरसा सदर थाना अध्यक्ष अजय कुमार पासवान ने बताया कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
