![]()
गोपालगंज जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने जिगना ढाला के पास स्थित खाना-खजाना रेस्टोरेंट में चल रहे देह व्यापार का भंडाफोड़ किया है। इस मामले में रेस्टोरेंट के दो कर्मचारियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस को रेस्टोरेंट में अनैतिक गतिविधियों की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने रेस्टोरेंट पर छापा मारा। तलाशी के दौरान संचालक मौके पर नहीं मिला। पुलिस ने एक केबिन से दो महिलाओं और एक पुरुष को हिरासत में लिया, जिन्हें सत्यापन के बाद बंधपत्र पर छोड़ दिया गया। केबिन से आपत्तिजनक सामान भी बरामद छापेमारी के दौरान रेस्टोरेंट के स्टाफ विशाल कुमार गुप्ता (निवासी महैचा, हथुआ थाना क्षेत्र) और मुकेश कुमार (निवासी तेलिया, बसंतपुर थाना क्षेत्र) को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने केबिन से दो इस्तेमाल किए हुए आपत्तिजनक सामान भी बरामद किए। मीरगंज थानाध्यक्ष ने बताया कि पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दोनों कर्मचारियों की संलिप्तता सामने आने पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। मीरगंज थाना में अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 की धारा 3(1)/7(2)(c) के तहत मामला दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। पुलिस रेस्टोरेंट संचालक समेत अन्य संलिप्त लोगों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

