
Smart Meter West Bengal: पश्चिम बंगाल में रिवैम्प्ड डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर स्कीम (RDSS) के तहत स्मार्ट मीटर लगाने का काम बेहद सुस्त गति से चल रहा है. राज्यसभा में एक सवाल के लिखित जवाब में इसका खुलासा हुआ है. पता चला है कि राज्य में 2.07 करोड़ बिजली उपभोक्ता हैं. इनमें से महज 2.91 प्रतिशत उपभोक्ताओं के घरों में ही स्मार्ट मीटर लगे हैं.
602982 स्मार्ट मीटर ही अब तक लगे
संसद के उच्च सदन में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद विश्वजीत सिन्हा (राहुल सिन्हा) ने केंद्रीय विद्युत मंत्रालय (Ministry of Power) के एक प्रश्न के उत्तर में यह जानकारी दी है. मंत्रालय ने बताया है कि राज्य में स्वीकृत 2,07,17,969 (लगभग 2.07 करोड़) उपभोक्ता स्मार्ट मीटरों में से 30 जून 2026 तक केवल 6,02,982 (2.91 फीसदी) मीटर ही लगाये जा सके हैं.
40.35 लाख मीटर का ही दिया गया टेंडर
विद्युत राज्यमंत्री श्रीपाद नाईक ने संसद में जो आंकड़े पेश किये, उसके मुताबिक, कुल स्वीकृत 2,10,35,262 स्मार्ट मीटरों (उपभोक्ता, डीटी और फीडर मिलाकर) के मुकाबले राज्य ने शुरुआती चरण में केवल 40,35,262 स्मार्ट मीटरों के ही अनुबंध (Contracts) आवंटित किये हैं.
ये भी पढ़ें: बंगाल में अब फ्री बिजली नहीं, लगेंगे 2 करोड़ स्मार्ट मीटर, 15000 करोड़ वसूलने की तैयारी
स्मार्ट मीटर की प्रगति (30 जून 2026 तक)
- उपभोक्ता मीटर (Consumer Meters): स्वीकृत 2,07,17,969 के मुकाबले 37,17,969 आवंटित किये गये. इनमें से सिर्फ 6,02,982 (2.91 प्रतिशत) लगाये गये.
- डिस्ट्रिब्यूशन ट्रांसफॉर्मर (DT) मीटर : स्वीकृत 3,05,419 में से 86,772 (28.41 प्रतिशत) स्थापित किये गये.
- फीडर मीटर (Feeder Meters): स्वीकृत 11,874 के मुकाबले 11,917 (100 फीसदी) मीटर लगाकर लक्ष्य शत-प्रतिशत पूरा कर लिया गया है.
ये भी पढ़ें: बढ़ती मांग को देखते हुए नयी बिजली नीति लायेगी सरकार
उत्तर 24 परगना और नदिया बेस्ट, कई जिलों में 1 फीसदी से भी कम काम
आरडीएसएस योजना के तहत जिलों के प्रदर्शन में बड़ा अंतर देखा गया है.
- उत्तरी 24 परगना (24 PGS North): इस जिले ने सबसे बेहतर प्रदर्शन करते हुए स्वीकृत 17,00,280 कंज्यूमर मीटरों में से 3,02,711 (17.80 प्रतिशत) स्थापित कर लिया है.
- नदिया (Nadia): स्वीकृत 11,00,554 मीटरों में से 85,285 (7.75 फीसदी) मीटर लगाकर दूसरे स्थान पर है.
- झारग्राम (Jhargram): 4.21 प्रतिशत प्रगति के साथ राज्य के औसत से बेहतर है.
- पिछड़े जिले : दक्षिण 24 परगना (0.72 प्रतिशत), दक्षिण दिनाजपुर (0.79 प्रतिशत), कलिम्पोंग (0.76 प्रतिशत), मालदा (0.85 प्रतिशत), हुगली (0.92 प्रतिशत), हावड़ा (1.36 प्रतिशत) और बीरभूम (1.25 प्रतिशत) जैसे जिलों में उपभोक्ता स्मार्ट मीटर लगाने की रफ्तार 1 फीसदी के आसपास या उससे भी नीचे है.
वर्ल्ड बैंक फंडेड प्रोजेक्ट की स्थिति
आरडीएसएस के अलावा, राज्य सरकार द्वारा विश्व बैंक (World Bank) की वित्तीय सहायता से 4.8 लाख उपभोक्ताओं के लिए स्मार्ट मीटर लगाये जा रहे हैं. इनमें से 30 जून 2026 तक 77,760 मीटर स्थापित किये जा चुके हैं. इसमें विधाननगर क्षेत्र में 2,88,713 मीटर लगाने का टार्गेट है, इसके मुकाबले अब तक 42,401 (14.69 फीसदी) और हुगली क्षेत्र में 1,92,077 का लक्ष्य है और अब तक 35,359 (18.41 फीसदी) मीटर लगाये गये हैं.
नवंबर 2027 तक का नया लक्ष्य
केंद्रीय बिजली मंत्री ने मई 2026 में पश्चिम बंगाल का दौरा किया था. इस दौरान राज्य सरकार ने आश्वासन दिया है कि वर्तमान में जितने भी स्मार्ट मीटरों (40.35 लाख) के ठेके आवंटित किये जा चुके हैं, उनका शत-प्रतिशत काम नवंबर 2027 तक पूरा कर लिया जायेगा.
The post स्मार्ट मीटर लगाने में बंगाल सुस्त, 2.07 करोड़ उपभोक्ता में 2.91 प्रतिशत ही मीटर लगे appeared first on Prabhat Khabar.

