![]()
गांडेय थाना क्षेत्र के चरकमारा निवासी मोहन दास के दो चचेरे भाइयों धर्मवीर कुमार दास और नितेश दास के अपहरण मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों युवकों को भी पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस के अनुसार अपहरण के बाद अपराधियों ने अलग-अलग मोबाइल नंबरों से परिजनों से 50 हजार और एक लाख रुपए की फिरौती मांगी थी। यह जानकारी सदर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव ने गुरुवार को बरवाडीह स्थित पुरानी पुलिस लाइन के एसडीपीओ कार्यालय में प्रेस वार्ता कर दी। उन्होंने बताया कि बुधवार 12 अगस्त की शाम चार बजे सूचना मिली थी कि गांडेय थाना क्षेत्र के चरकमारा निवासी मोहन दास के दो भाइयों का चरकमारा जंगल के पास से अपहरण कर लिया गया है। दोनों को छोड़ने के एवज में अपराधी फिरौती मांग रहे थे। एसपी डॉ. विमल कुमार ने अपहृत युवकों की सकुशल बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सदर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल गठित किया। एसडीपीओ ने पुलिस टीम के साथ गुप्त सूचना के आधार पर मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के हरसिंगरायडीह गांव के समीप उसरी नदी श्मशान घाट पर बुधवार की रात करीब 12:30 बजे छापेमारी की। बच्चे को अपहर्ताओं ने यहीं रखा था। पुलिस ने मौके से मो. मुनीर अंसारी और मो. अफसर अंसारी को गिरफ्तार किया तथा दोनों अपहृत युवकों को सकुशल बरामद कर लिया। दोनों बच्चे किसान परिवार से हैं। धर्मवीर दास के पिता का निधन हो चुका है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो मोटरसाइकिल, जेएसए कंपनी का नीले रंग का एक ई-रिक्शा (जेएच 11 एएम 8684) और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। एसडीपीओ ने कहा कि अपहरण की घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने कम समय में दोनों युवकों को सुरक्षित बरामद कर लिया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार अभियान चलाया जा रहा है। छापामारी दल में अंचल पुलिस निरीक्षक कमलेश पासवान, गांडेय थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो, मुफ्फसिल थाना के पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी, एसआई संजय कुमार, एसआई विवेक माथुरी और एसआई शैलेन्द्र कुमार शामिल थे। तीन आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार एसडीपीओ ने बताया कि दोनों युवकों के अपहरण की घटना में कुल पांच अपराधियों के शामिल होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस टीम को देखते ही तीन आरोपी मौके से फरार हो गए। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

