![]()
गोपालगंज-सिवान सीमा पर स्थित छाप गांव के पास एक अनियंत्रित ट्रेलर ने बाइक सवार रेलवे गेटमैन को कुचल दिया। इस हादसे में गेटमैन की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आक्रोशित होकर सड़क जाम कर दिया, जिससे आवागमन बाधित हो गया। मृतक की पहचान सरसर गांव निवासी 35 वर्षीय उपेंद्र राजभर के रूप में हुई है, जो रेलवे में गेटमैन के पद पर कार्यरत थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया। बाइक की थावे में पूजा करवाकर घर लौट रहे थे
जानकारी के अनुसार, उपेंद्र थावे रेलवे में अपनी ड्यूटी पूरी करने के बाद अपनी नई स्प्लेंडर बाइक की थावे में पूजा करवाकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेलर का पहिया उनके सिर पर चढ़ गया, जिससे उनकी तत्काल मृत्यु हो गई। हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने शव को सड़क पर रखकर सिवान-गोपालगंज NH-531 को घंटों जाम कर दिया। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस की कार्यशैली पर नाराजगी व्यक्त की
सूचना मिलने पर गोपालगंज और सिवान दोनों जिलों की पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्यशैली पर नाराजगी व्यक्त की। उनका आरोप था कि पहले गोपालगंज पुलिस पहुंची, लेकिन क्षेत्र सिवान जिले का बताकर वापस चली गई, जिसके बाद सिवान पुलिस को लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। पुलिस फरार ट्रेलर और उसके चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। बताया जा रहा है कि उपेंद्र की शादी करीब दो साल पहले हुई थी और उनकी कोई संतान नहीं थी। उनके परिवार में पत्नी और मां हैं। हादसे की खबर मिलते ही पत्नी घटनास्थल पर पहुंचीं और पति का शव देखकर गहरे सदमे में आ गईं।


