Saturday, August 15, 2026

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

नालंदा में झंडा फहराने गए छात्रों पर बदमाशों का हमला:ग्रामीणों ने बख्तियारपुर-रजौली सड़क को जाम किया, 5 थानों की पुलिस ने आधा घंटे बाद हटवाया


नालंदा के हरनौत प्रखंड के चेरो ओपी थाना क्षेत्र स्थित खरुआरा गांव में शनिवार सुबह स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने गए छात्रों के साथ बदमाशों ने बेरहमी से मारपीट की। घटना से आक्रोशित छात्रों के परिजनों और ग्रामीणों ने खरुआरा गांव के पास बख्तियारपुर-रजौली नेशनल हाइवे-20 को जाम कर दिया। सड़क जाम होने से आवागमन पूरी तरह ठप हो गया और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। बाद में चेरो ओपी के साथ-साथ कल्याणबिगहा, भागनबिगहा, हरनौत और बेना थाना की पुलिस ने पहुंचकर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम हटवाया। ​हथियार से लैस थे बदमाश शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे उच्च माध्यमिक विद्यालय खरुआरा में ध्वजारोहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इसमें शामिल होने के लिए गोसाईं बीघा गांव के छात्र गए हुए थे। जख्मी छात्र मोनू कुमार ने बताया कि कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जब वे वापस लौट रहे थे, तभी खरुआरा गांव के पास कुछ बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और लाठी-डंडों से पीटना शुरू कर दिया। छात्रों का आरोप है कि हमलावरों के हाथों में पिस्टल व अन्य हथियार भी थे। मोनू के अनुसार, छात्रों के साथ मारपीट की ऐसी घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं। आधा दर्जन से अधिक छात्र हुए घायल इस जानलेवा हमले में आधा दर्जन से अधिक छात्र घायल हुए हैं। घायलों में गोसाईं बीघा निवासी अजय चंद्रवंशी के पुत्र अमरेश कुमार, अंकुश कुमार, आयुष कुमार, किरण कुमार, समीर कुमार, आदित्य कुमार और अंकित कुमार समेत अन्य छात्र शामिल हैं। घटना के तुरंत बाद परिजनों ने सभी घायलों को इलाज के लिए कल्याणबिगहा रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया। ​पुलिस के आश्वासन के बाद माने ग्रामीण घटना की खबर फैलते ही गोसाईं बीघा के ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए एनएच-20 को जाम कर दिया। ग्रामीणों का साफ कहना था कि पुलिस की ओर से प्रभावी कार्रवाई न होने के कारण बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। ​जाम की सूचना मिलते ही हरनौत, कल्याणबिगहा और भागनबिगहा थानों की पुलिस भारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस पदाधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को शांत कराया और निष्पक्ष जांच व दोषियों पर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद जाम समाप्त कराया जा सका, जिसके बाद यातायात सामान्य हुआ। ​क्या कहती है पुलिस? सड़क जाम की सूचना पर पहुंचे हरनौत थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर मुकेश कुमार वर्मा ने विद्यालय परिसर जाकर शिक्षकों से घटना की पूरी जानकारी ली। वहीं, चेरो ओपी थानाध्यक्ष सर्वेश कुमार ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है। जख्मी छात्रों की ओर से लिखित शिकायत मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आरोपितों की पहचान कर रही है और उन्हें जल्द ही कानून के दायरे में लाया जाएगा।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles