
Bankura CJP Worker Father Killed: पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा जिले में सरकारी स्कूल की बदहाली उजागर करने की वजह से कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) कार्यकर्ता के पिता को पीट-पीटकर मार डालने के मामले में ममता बनर्जी की एंट्री हो गयी है. बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ने परिवार को पूरा समर्थन और न्याय दिलाने का Cockroach Janata Partyभरोसा दिलाया है.
स्कूल की रिपोर्टिंग से भड़का विवाद
कॉजपा कार्यकर्ता शेख अब्दुल हफीज (25) ने 13 अगस्त को ‘स्कूल ठीक करो’ मुहिम के तहत करिसुंदा वेस्ट पाड़ा प्राथमिक विद्यालय का दौरा किया था. वहां की अव्यवस्थाओं का वीडियो बनाया था. आरोप है कि उसी शाम हथियारबंद उपद्रवियों ने हफीज के घर पर धावा बोल दिया. हमलावर उस पर माफी मांगने और यह कबूल करने का दबाव बना रहे थे कि उसने किसी के भड़काने पर वीडियो बनाया है.
डंडों और लोहे की छड़ों से पिता पर हमला
हफीज के इनकार करने पर दबंगों ने डंडों और लोहे की छड़ों से उस पर और उसके पिता जनाब माफिक पर हमला कर दिया. बर्धमान मेडिकल कॉलेज में शनिवार (15 अगस्त) की रात इलाज के दौरान माफिक ने दम तोड़ दिया. इस वारदात के बाद इलाके में तनाव है. बंगाल की सियासत भी गरमा गयी है.
ये भी पढ़ें: बंगाल में कॉकरोच जनता पार्टी के समर्थक की पीट-पीटकर हत्या, 8 गिरफ्तार
ममता बनर्जी का फोन और न्याय का भरोसा
घटना की खबर मिलते ही टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी ने सीधे पीड़ित कार्यकर्ता अब्दुल हफीज से फोन पर बात की. ममता ने उसके परिवार को ढाढ़स बंधाया और आश्वासन दिया कि उनकी पार्टी तृणमूल कांग्रेस इस कठिन समय में उनके साथ खड़ी है. बांकुड़ा से टीएमसी के एक प्रतिनिधिमंडल ने भी पीड़ित परिवार के घर जाकर मुलाकात की.
पुलिस का एक्शन और राजनीतिक घमासान
इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक 8 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. दूसरी ओर, घटना को लेकर शुरू हुए राजनीतिक आरोपों-प्रत्यारोपों के बीच भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने इस हिंसा और आरोपियों से किसी भी तरह का संबंध होने से इनकार किया है.
The post बांकुड़ा में सीजेपी कार्यकर्ता के पिता की पीट-पीटकर हत्या पर राजनीति, ममता बनर्जी ने दिलाया न्याय का भरोसा appeared first on Prabhat Khabar.
