
कोलकाता से अमर शक्ति प्रसाद की रिपोर्ट
राज्य के पर्यटन मंत्री शंकर घोष ने पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कई बड़ी योजनाओं की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि पुराने और ऐतिहासिक भवनों को संरक्षित रखते हुए उन्हें नये पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जायेगा. इन जगहों पर पर्यटकों के लिए ठहरने की सुविधा, रेस्टोरेंट और अन्य आकर्षण तैयार किये जायेंगे. पर्यटन मंत्री ने बताया कि बैरकपुर में ‘उत्सधारा’ को थीम पार्क के रूप में विकसित करने की योजना है. इसके लिए ‘फ्रॉम राज टू स्वराज’ थीम के आधार पर इस पार्क को विकसित करने की तैयारी है.
बंगाल की टेबल टेनिस टीम को मिलेगी स्पॉन्सरशिप
पर्यटन विभाग ने बंगाल की टेबल टेनिस टीम को स्पॉन्सर करने का फैसला किया है. मंत्री ने कहा कि भारतीय टेबल टेनिस टीम को भी स्पॉन्सर करने की दिशा में प्रयास किया जायेगा. हालांकि इसके लिए टेबल टेनिस फेडरेशन की चुनाव प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार है. इसके बाद खेल विभाग के साथ चर्चा कर प्रस्ताव आगे बढ़ाया जायेगा.
पर्यटन विभाग से जुड़े कर्मचारियों की होगी अलग पहचान
डब्ल्यूबीटीडीसीएल से जुड़े कर्मचारियों और पर्यटन हेल्प सेंटरों में काम करने वालों के लिए एक समान ड्रेस कोड लागू करने की तैयारी है. इससे पर्यटन विभाग से जुड़े कर्मचारियों की अलग पहचान बनाने की कोशिश होगी. इसके साथ ही साल में कुछ खास दिनों पर पर्यटन विभाग के अधिकारी भारतीय और खासकर बंगाली पारंपरिक पोशाक में नजर आयेंगे. पुरुष धोती-पंजाबी या पायजामा-कुर्ता और महिलाएं साड़ी पहनेंगी. पहाड़ी इलाकों में वहां की पारंपरिक पोशाक को प्राथमिकता दी जायेगी. इसके लिए अलग से नीति तैयार की जा रही है.
हर जिले तक पहुंचेगी पर्यटन हेल्पलाइन
मंत्री ने बताया कि सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नरेट के जरिये शुरू की गयी पर्यटन हेल्पलाइन काफी सफल रही है. इस हेल्पलाइन के जरिये बुकिंग कैंसिलेशन समेत पर्यटकों से जुड़ी कई समस्याओं का समाधान किया गया है. अब इसी व्यवस्था को उन जिलों और पुलिस कमिश्नरेट क्षेत्रों तक विस्तार दिया जायेगा, जहां पर्यटन गतिविधियां और पर्यटकों की संख्या ज्यादा है. सभी जिला हेल्पलाइन को एक राज्य स्तरीय हेल्पलाइन से जोड़ा जायेगा, ताकि पर्यटकों को एकीकृत सहायता मिल सके.
पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पर्यटन ऐप और वेबसाइट के लिए 17 कंपनियों ने दिया प्रस्ताव
शंकर घोष ने बताया कि पर्यटन विभाग के लिए नया ऐप और वेबसाइट विकसित करने के लिए जारी प्रक्रिया में 17 कंपनियों ने रुचि दिखायी है. इनमें कई कंपनियां पश्चिम बंगाल के बाहर की हैं और उन्होंने हजारों करोड़ रुपये से अधिक के टर्नओवर का दावा किया है. मंत्री ने इसे राज्य में निवेश के बदलते माहौल का संकेत बताया. उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य पश्चिम बंगाल में ज्यादा से ज्यादा निवेश लाना और पर्यटन क्षेत्र को मजबूत करना है.
Also Read: तारापीठ होटल अग्निकांड: होटल मालिक गिरफ्तार, हादसे के बाद फरार थे प्रवीर कुमार पाल
The post बंगाल दुनिया को दिखायेगा अपनी विरासत, पुराने भवनों का होगा संरक्षण appeared first on Prabhat Khabar.
